ट्रक ने रौंदा, पिता की मौत, पुत्र घायल

हादसा . सामान लाने बाइक से जा रहे थे दोनों क थे मृतक, चांदी रविवार को घर आनेवाली थी बरात, मौत के बाद छाया मातमी सन्नाटा रिटायर्ड शिक्षक थे मृतक, चांदी थाना क्षेत्र के रूप चकिया के समीप हुआ हादसा आरा/कोइलवर : चांदी थाना क्षेत्र के रूपचकिया गांव के समीप शनिवार को शादी का सामान […]

हादसा . सामान लाने बाइक से जा रहे थे दोनों

क थे मृतक, चांदी
रविवार को घर आनेवाली थी बरात, मौत के बाद छाया मातमी सन्नाटा
रिटायर्ड शिक्षक थे मृतक, चांदी थाना क्षेत्र के रूप चकिया के समीप हुआ हादसा
आरा/कोइलवर : चांदी थाना क्षेत्र के रूपचकिया गांव के समीप शनिवार को शादी का सामान खरीदने बाइक से जा रहे पिता- पुत्र को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद डाला, जिससे बाइक पर सवार पिता की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गयी. घटना को अंजाम देने के बाद ट्रकचालक ट्रक लेकर भाग रहा था, तभी स्थानीय लोगों की सहायता से ट्रक व ट्रकचालक को पकड़ लिया गया.
बाद में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है. मौत की खबर सुनते ही आक्रोशित लोगों ने सकड्डी- संदेश पथ को जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया, जिससे दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयीं. जानकारी के अनुसार मृतक चांदी थाना क्षेत्र के खनगांव गांव निवासी स्व लक्ष्मी नारायण सिंह के पुत्र रिटायर्ड शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह बताये जाते हैं. वहीं इस घटना में जख्मी कृष्ण मोहन सिंह के छोटे पुत्र अभिषेक उर्फ छोटू भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका इलाज चल रहा है.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रविवार को कृष्णमोहन सिंह की पोती अंजली की बरात आनेवाली थी. उसी को लेकर घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. शनिवार को मड़वान था. उसी को लेकर बाजार सामान लेने पिता और पुत्र दोनों बाइक से रूप चकिया जा रहे थे. इसी क्रम में अनियंत्रित ट्रक ने रौंद डाला. घटना के बाद आक्रोशितों ने सड़क जाम कर यातायात को अवरुद्ध कर दिया. बाद में घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ सदर संजय कुमार तथा कोइलवर बीडीओ के समझाने- बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ. लगभग तीन घंटे तक जाम लगा रहा.
आक्रोशितों ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पीटा :
घटना के बाद गुस्साये लोगों ने चालक को पकड़ कर जम कर धुनाई कर दी. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने ट्रक का शीशा भी तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही चांदी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और ट्रक को अपने कब्जे में कर चालक को हिरासत में ले लिया. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को गुस्साये ग्रामीणों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा. इस दौरान लोगों के चंगुल से जब पुलिस ने चालक को छुड़ाने का प्रयास करते हुए अपने कब्जे में लिया, तो लोग आक्रोशित हो गये और पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया गया, जिसके बाद पुलिस को वहां से पीछे हटना पड़ा. इधर काफी देर तक शव के साथ लोग प्रदर्शन करते रहे, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. यात्री और स्कूली बच्चों को पैदल ही जाना पड़ा. बाद में पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के घटना स्थल पर पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ.
घटना के बाद घर में पसरा मातमी सन्नाटा
एक तरफ घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं. लोग शादी के माहौल में व्यस्त थे. वहीं मौत की खबर मिलते ही पूरे घर में कोहराम मच गया. घर में मातमी सन्नाटा पसर गया. बताया जा रहा है कि मृतक कृष्ण मोहन सिंह के बड़े बेटे संजय सिंह की पुत्री अंजली की शादी थी. रविवार को घर में बरात आनेवाली थी. बरात आरा शहर के आनंद नगर से आनेवाला था. इसी बीच शनिवार को हुए हादसे के बाद पूरा परिवार में सन्नाटा पसर गया है. मृतक कृष्णमोहन सिंह के बेटे अंजनी सिंह ने बताया कि घटना के बाद किसी तरीके से शादी समारोह को संपन्न किया जायेगा. उसके बाद श्राद्धकर्म किया जायेगा.
इधर घर में मृतक के छोटे भाई संजय सिंह की पुत्री नेहा के मंडपाच्छादन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं. मांगलिक गीतों से घर गुलजार था. ऐन वक्त पर मड़वा में युक्त होनेवाली रस्सी के लिए घर से निकले अभिषेक को पता नहीं था कि आज उनके पिता अंतिम बार बाइक पर बैठे हैं. घर से कुछ ही दूरी पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. घटना के बाद मृतक की पत्नी श्यामा देवी का रो- रो कर बुरा हाल था. वहीं शादी समारोह में आये सभी परिजनों के रोने की आवाज से मांगलिक गीतों का शोर थम गया. घर के साथ साथ पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. आस-पास के गांव के लोग भी रविवार को आनेवाली बरात की बात कह रो पड़ते.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >