उदवंतनगर थाना क्षेत्र के पियनिया गांव के समीप हुआ हादसा, मची अफरातफरी
आरा : उदवंतनगर थाना क्षेत्र के पियनिया पुल के समीप गुरुवार की देर शाम शादी समारोह में जा रहे ऑटो पर सवार एक ही परिवार के 12 लोग जख्मी हो गये. इस घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जानकारी के अनुसार घायलों में एक ही परिवार के चंदन कुमार, सचिन कुमार, रामावती देवी, ऋतु कुमार, रोशन कुमार, मयंक कुमार, कुंदन देवी, मुनेश्वरी देवी, पप्पू पासवान, कंचन कुमारी शामिल है. बताया जा रहा है
कि चंदन कुमार के फूफा उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सेवगार गांव निवासी हरे राम पासवान के लड़के विकास का तिलक था. उसी में शामिल होने के लिए सभी लोग जा रहे थे, तभी हादसा हो गया. घायल सभी लोग एक ही परिवार के जगदेव नगर निवासी बताये जाते हैं. इस घटना की जानकारी मिलते ही सेवगार गांव में अफरातफरी मच गयी. घायलों को देखने के लिए सेवगार गांव से लेकर काफी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गये. हालांकि इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी है.
