कार्रवाई. सिविल कोर्ट से लेकर स्टेशन रोड तक दुकानों को हटाया गया
प्रशासन की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में मच गया था हड़कंप
आरा : शहर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर चला. दलबल के साथ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया. इस दौरान सिविल कोर्ट से लेकर स्टेशन रोड तक सड़क के किनारे अवैध रूप से सजी दुकानों और झोंपड़ियों को हटाया गया.
अतिक्रमण हटाने के पहले प्रशासन के द्वारा माइक से अलाउंस कर चेतावनी दे दी गयी थी. इसके बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन ने बुलडोजर चलाना शुरू किया. सिविल कोर्ट से सड़क के किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटाने का अभियान शुरू करते हुए सिविल सर्जन मोड़, जज कोठी मोड़, क्लब रोड से स्टेशन रोड तक दो दर्जन से अधिक चाय-पान की दुकानों को हटाया गया. बुलडोजर से दुकानों को वहीं पर ध्वस्त कर दिया जा रहा था. इस दौरान अतिक्रमण करने वाले लोग जल्दी- जल्दी अपने समान को समेट रहे थे
. अभियान के दौरान जहां प्रशासन का बुलडोजर पहुंच रहा था, लोगों की भीड़ जुट जा रही थी. लगभग छह घंटे तक प्रशासन का अभियान चलता रहा. अतिक्रमण हटाओ अभियान में प्रशासन की ओर से बतौर मजिस्ट्रेट विकास कुमार और आरा अंचल के सीओ राज शेखर सहित काफी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे. अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा.
कई जगह पर प्रशासन के साथ अतिक्रमणकारियों की हुई नोकझोंक
अतिक्रमण हटाये जाने के दौरान कई जगहों पर प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस बल के जवानों के साथ अतिक्रमणकारियों की नोकझोंक भी हुई. कुछ लोग अपना बोरिया बिस्तर समेटने के लिए तैयार ही नहीं थे. प्रशासन ने समान हटाने का प्रयास किया तो वे उलझ भी गये. हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ा रुख अख्तियार किया,जिससे सबको पीछे हटना पड़ गया. मजिस्ट्रेट विकास कुमार के साथ सीओ राज शेखर ने किसी की एक नहीं सुनी और सब जगह अतिक्रमणकारियों के खिलाफ समान रूप से अभियान चलाया.
ध्वस्त हो गयी नहर विभाग के अधिकारी की चाहरदीवारी
अतिक्रमण हटाने के दौरान जज कोठी मोड़ के समीप प्रशासन का बुलडोजर ऐसा चला कि सरकारी अधिकारी के आवास की चाहरदीवारी भी ध्वस्त हो गयी. जज कोठी मोड़ से सटे एक अस्थायी दुकान का चूल्हा नहर विभाग के अधिकारी के चाहरदीवारी से सटाकर बना हुआ था. अतिक्रमण हटाये जाने के दौरान बुलडोजर से चूल्हा हटाया जा रहा था. इसी दौरान बुलडोजर से नहर विभाग के अधिकारी के आवास की चाहरदीवारी ही गिर गयी. इसके बाद मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गयी.
दुकानदारों के समक्ष रोजी रोटी की पैदा हुई समस्या
सिविल कोर्ट से स्टेशन परिसर के बीच सड़क के किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों को हटाये जाने से कई दुकानदारों के समक्ष रोजी रोटी की समस्या पैदा हो गयी है. सड़क के किनारे चाय-पान व नाश्ते की दुकान लगाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले गरीब दुकानदार प्रशासन से रहम की भीख मांग रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन हमलोगों के लिए साइड में कोई व्यवस्था कर दे ताकि परिवार का पालन पोषण किया जा सके.
