जाम के जंजाल में उलझे शहरवासी

परीक्षार्थियों से पटा है शहर, रोजाना प्रमुख मार्गों पर लग रहा जाम आरा : मैट्रिक की परीक्षा से शहर की आबादी कई गुणा बढ़ गयी है. नतीजा शहरवासी जाम के जंजाल में प्रतिदिन उलझ रहे हैं. सुबह 10 बजे के बाद से लेकर शाम पांच बजे तक प्रमुख मार्गों पर महाजाम लग जा रहा है. […]

परीक्षार्थियों से पटा है शहर, रोजाना प्रमुख मार्गों पर लग रहा जाम
आरा : मैट्रिक की परीक्षा से शहर की आबादी कई गुणा बढ़ गयी है. नतीजा शहरवासी जाम के जंजाल में प्रतिदिन उलझ रहे हैं. सुबह 10 बजे के बाद से लेकर शाम पांच बजे तक प्रमुख मार्गों पर महाजाम लग जा रहा है. इस दौरान सारी ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो जा रही है और शहरवासी उलझ कर रह जा रहे हैं. गोपाली चौक, पकड़ी चौक, नवादा, बड़ी चौक, जेल रोड, स्टेशन रोड सहित कई मार्गों पर लगे जाम से निकल पाना मुश्किल हो जा रहा है. यह एक दिन की स्थिति नहीं, अपितु प्रतिदिन शहरवासियों को झेलनी पड़ रही है.
कहीं दूर जाने वाले यात्रियों की तो ट्रेन तक छूट जा रही है. वहीं, कई लोग न तो समय पर दफ्तर पहुंच पा रहे हैं और न ही घर. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है. नवादा चौक पर शुक्रवार को ऐसा जाम लगा कि कई स्कूली बसें दो घंटे तक जाम में फंसी रही और भूखे बच्चे दो घंटे विलंब से घर पहुंचे. इससे अभिभावक भी तनाव में रहे. जाम के कारण पैदल चलने वालों को भी निकलने में सोचना पड़ रहा था. दोपहिया वाहन तो इधर-उधर से निकल जा रहे थे, लेकिन बड़े वाहनों में फंसे लोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ रही थी.
ट्रैफिक पुलिस भी हो गयी है असहाय : जाम से निजात दिलाने में प्रशासनिक तंत्र भी फेल हो गया है. ट्रैफिक पुलिस तो पूरी तरह से असहाय नजर आ रही है. ट्रैफिक व्यवस्था के लिए चौक-चौराहों पर जवानों की तैनाती की गयी है, लेकिन वे भी भीषण जाम से परेशान हैं. नवादा चौक पर पुलिस द्वारा तीन ट्रैफिक के जवान तैनात किये गये हैं. जवान जाम से निजात दिलाने के लिए पसीना बहाते रहते हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हो पा रहा है.
गड़हनी में आये दिन लगा रहता है जाम : गड़हनी. आरा-सासाराम मेन रोड पर बागर मोड़ से नया सब्जी बाजार तक रोड के सटे दोनों तरफ ठेला, गाड़ी व अवैध तरीके से दुकान लगाने से प्रतिदिन जाम लग जाता है. सड़क इतनी संकीर्ण हो जाती है कि जब कोई बड़ी गाड़ी आती है, तो साइड में जाने का जगह ही नहीं बचता है और जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है. वहीं, थोक व्यवसायी मेन रोड पर भरे ट्रक लगवा कर माल उतरवाते हैं, जिससे बनी जाम की समस्या चाहे जितनी विकराल हो जाये, इन्हें चिंता नहीं रहती.
बता दें कि आरा-सासाराम स्टेट हाइवे है और हमेशा व्यस्त रहता है. इस संबंध में आवेदन के माध्यम से प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >