जब्त पिस्टल की होगी फोरेंसिक जांच

एसपी ने कहा, अपराधियों के खिलाफ की जायेगी कड़ी कार्रवाई आरा : नगर थाने के प्रकाशपुरी मुहल्ले में बुधवार को फायरिंग की घटना के बाद पुलिस द्वारा एक अपराधी के घर से बरामद किये गये युगोस्लाविया मेड पिस्टल की प्रथम जांच की जिम्मेवारी आरा के सार्जेंट मेजर को सौंपी गयी है. इसके बाद फोरेंसिक जांच […]

एसपी ने कहा, अपराधियों के खिलाफ की जायेगी कड़ी कार्रवाई

आरा : नगर थाने के प्रकाशपुरी मुहल्ले में बुधवार को फायरिंग की घटना के बाद पुलिस द्वारा एक अपराधी के घर से बरामद किये गये युगोस्लाविया मेड पिस्टल की प्रथम जांच की जिम्मेवारी आरा के सार्जेंट मेजर को सौंपी गयी है. इसके बाद फोरेंसिक जांच के लिए पटना भेजा जायेगा. बरामद पिस्टल को लेकर पुलिस भी संशय में पड़ी है. हालांकि पुलिस सूत्रों की मानें, तो इस तरह के पिस्टल मुंगेर में भी बनाये जाते हैं, जिस पर बाहरी देशों का मार्का लगाया जाता है. प्रथम दृष्टया इसे लोकल स्तर पर जांच कराने की जिम्मेवारी एसपी क्षत्रनील सिंह ने सार्जेंट मेजर को सौंपा है.
क्या था मामला : बुधवार को नगर थाने के प्रकाशपुरी मुहल्ले में हथियारबंद अपराधियों ने मुहल्ले में दो लोगों के घर पर जाकर फायरिंग की थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने धनजी यादव के घर के अलमारी से युगोस्लाविया मेड पिस्टल तथा 16 गोलियां बरामद की थी. इसी क्रम में पुलिस ने छापेमारी कर चार पेटी शराब भी बरामद की थी. इस मामले में नगर थाने की पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध तीन अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की है, जिसमें एक डोमन यादव की गिरफ्तारी बुधवार को हो चुकी है. अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. बता दें कि शराब बेचने व रंगदारी को लेकर अपराधियों ने एक दर्जन राउंड गोलियां चलायी थीं. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था.
पुलिस के डर से शहर छोड़ भागे चारों अपराधी
घटना के बाद पुलिस ने जिस अंदाज में गोलीबारी करने वालों के लिए सर्च अभियान शुरू किया है, उससे अपराधियों में हड़कंप पैदा हो गया है. पुलिस के डर से नामजद चारों अपराधी शहर छोड़ कर भाग निकले हैं. सूत्रों की मानें, तो नामजद धनजी यादव, मंटू कहार, विश्वजीत पासवान तथा गुड्डू कुमार ने दूसरे जगहों पर अपना ठिकाना बना लिया है. बता दें कि गोलीबारी में नामजद आरोपित कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं और हाल ही में जेल से बाहर आये थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >