दुखद. आरा-पटना हाइवे पर ट्रक ने कुचला
उदवंतनगर के चकरदह में ऑटो की टक्कर से वृद्ध की गयी जान
आरा/उदवंतनगर : जिले में अलग-अलग सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गयी. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-पटना हाइवे पर बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने कुचल दिया, जिसमें घटनास्थल पर ही एक युवक की मौत हो गयी. दूसरे युवक की मौत इलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में हो गयी. वहीं, दूसरी तरफ उदवंतनगर के चकरदह गांव के समीप साइकिल से जा रहे एक वृद्ध को ऑटो ने धक्का मार दिया. जिसमें वृद्ध की मौत हो गयी. मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया, जबकि वृद्ध का शव लेकर परिजन भाग निकले. जानकारी के अनुसार, आरा-पटना हाइवे पर धनुपरा पेट्रोल पंप के समीप ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया. घटना में चांदी थाने के भदवर गांव के मटुक राय के पुत्र विष्णु शं कर की मौत हो गयी.
वहीं, उसका ममेरा भाई छोटकी चंदा गांव निवासी सुनील राय का पुत्र पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, परंतु इलाज के लिए ले जाने के क्रम में कोइलवर के समीप ही उसकी भी मौत हो गयी. घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि जख्मी युवक ट्रक के अंदर ही एक घंटे तक फंसा रहा. स्थानीय लोगों के सहयोग से क्रेन से ट्रक को उठवा कर जख्मी युवक को ट्रक से बाहर निकाला गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. दोनों बाइक पर सवार होकर कायमनगर गैस कनेक्शन का टोकन कटाने आये थे. मौत की खबर मिलते ही दोनों के परिवार में कोहराम मच गया. दोनों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे हुए थे.
