महाशिवरात्रि. शिवालयों में आज गूंजेगा हर-हर महादेव, नगर से लेकर गांवों तक हो रही तैयारी
बाजारों में भी रही भीड़ भाड़, सज गये शहर के शिव मंदिर
आरा : शुक्रवार को होने वाले महाशिवरात्रि को लेकर आरा नगर सहित पूरे जिले में जोर-शोर से तैयारी चल रही है. शिवालयों को रंग-बिरंग की रोशनी से सजाया गया है. वहीं भक्तों द्वारा शिव बरात निकालने की भी तैयारी की जा रही है. इस कारण पूरा नगर शिवमय हो गया है.
वहीं, बाजारों में भी शिवरात्रि को लेकर उपयोग में आने वाली पूजा-पाठ की सामग्री की दुकानें भी सज गयी हैं. सुबह से ही पूजा सामग्री खरीदने के लिए मुख्य बाजार सहित मुहल्लों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. शिवालयों सहित सभी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. मंदिरों में तरह-तरह की प्रकाश की व्यवस्था के साथ ही रंग-रोगन के भी कार्य किये गये हैं. हिंदू मतावलंबियों के घरों में भी महाशिवरात्रि की पूजा की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है.
पूजा सामग्री की सजीं दुकानें : पूरे नगर में पूजा सामग्री की दुकानें सज गयी हैं, जहां श्रद्धालु खरीदारी के लिए सुबह से ही पहुंचने लगे. नगर के मुख्य बाजार गोपाली चौक, जेल रोड, शीशमहल चौक, महादेवा रोड, बिचली रोड, नवादा, पकड़ी चौक, चंदवा मोड़ सहित सभी मुहल्लों में पूजा सामग्री की दुकानें सजी हैं.
इन पूजा सामग्री का होता है उपयोग : बेल पत्र, चावल, दूब, भांग, धतूरा, चंदन, बेर, जौ, कचरी सहित शक्करकंद आदि का उपयोग होता है.
इन मंदिरों में लगती है भक्तों की काफी भीड़ : बुढ़वा महादेव मंदिर महादेवा, सिद्धनाथ मंदिर बिंद टोली, पतालेश्वर महाजन टोली, जोड़ा मंदिर जेल रोड व नवादा, महादेव मंदिर रेलवे कॉलोनी, महादेव मंदिर अवधपुरी, शिव मंदिर अनाईठ, पकड़ी आदि.
सजाये गये सभी मंदिर : जिले सहित नगर के सभी मंदिर आकर्षक ढंग से सजाये गये हैं. मंदिरों में प्रकाश की काफी अच्छी व्यवस्था की गयी है. वहीं, इसके लिए कई तरह के सीरीज बल्ब सहित अन्य तरह के प्रकाश की व्यवस्था की गयी है. इसके साथ ही मंदिरों को फूल-मालाओं से सजाया गया है.
