सहार : सहार क्षेत्र के करवासिन में बालू संचालकों द्वारा तीन घाटों से बालू का उठाव किया जा रहा है. बता दें कि पिछले तीन दिनों से निरीक्षण के डर से बालू का उठाव नहीं किया जा रहा था. इसके कारण ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई है. वहीं, लंबी कतारों को देखते हुए घाट संचालकों द्वारा बालू लोडिंग के नाम पर मनमाना वसूली की जा रही है. साथ ही खनन विभाग के मानक को नजरअंदाज करते हुए चालान पर भी अवैध वसूली की जा रही है,
जिस पर प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की पहल नहीं की जा रही है. ट्रकचालक जगेश कुमार, संतोष यादव, सुरेंद्र यादव, रवींद्र यादव, मनु कुमार, सेवक कुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि तीन दिनों से हमलोग बालू के लिए खड़े हैं, लेकिन गाड़ी लोड नहीं हो रहा है. चालकों ने बताया कि तीस ईंच बालू लोडिंग के लिए पहले मशीन से 1050 रुपये लिये जा रहे थे, वहीं अब तीन हजार लिये जा रहे हैं. साथ ही चालकों ने बताया कि तीस ईंच के चालान के 3920 रुपये लिये जाते हैं.
चालकों की मानें, तो डर के कारण अधिक पैसे देने पड़ रहे हैं. वहीं, घाट संचालकों की मानें, तो बालू लोडिंग का रेट प्रति चक्का 100 निर्धारित किया गया है. वहीं, चालान के मुंशी राजू कुमार ने बताया कि 770 रुपये प्रति सीएफटी के हिसाब से चालान काटा जाता है. जानकारों की मानें, तो तीस ईंच बालू के लिए लगभग चार हजार अवैध वसूली की जा रही है, इसका सीधा बोझ आम लोगों पर पड़ेगा, लेकिन प्रशासन इसके प्रति उदासीन रवैया अपना रहा है, जिससे बालू माफियाओं को सुनहरे बालू के काले कारनामे करने में परेशानी नहीं हो रही है.
