16371 पुरुष व 3603 महिला मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
गया स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला
आरा : आगामी नौ मार्च को होने वाले गया स्नातक निर्वाचन की तैयारी जिले में प्रशासन द्वारा जोर-शोर से की जा रही है. निष्पक्ष व शांतिमय माहौल में चुनाव कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा बैठकों का दौर जारी है. निर्वाचन में जिले के 19974 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य तय करेंगे. इसमें 16371 पुरुष मतदाता व 3603 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं, जिले में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त व सचिव द्वारा शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारी का जायजा लेंगे व इससे संबंधित आवश्यक निर्देश देंगे. चुनाव को लेकर आरा में दो मतदान केंद्र बनाये गये हैं. वहीं,
इसके लिए समाहरणालय परिसर में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा चुका है, जो विगत आठ फरवरी से काम करना शुरू कर दिया है. वहीं, निर्वाचन को सुचारु रूप से संपन्न करने के लिए 11 कोषांगों का गठन किया गया है, जबकि सभी प्रखंडों के सीओ व बीडीओ को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है. अब भी जिले में पुरुषों की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए काफी कम है. महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में लगभग पांचवें भाग के बराबर है. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं की तुलना में केवल आरा नगर के मतदाता अधिक हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में जहां 12000 पुरुष मतदाता हैं, वहीं केवल आरा नगर में 4000 पुरुष मतदाता हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 2300 हैं, जबकि अकेले आरा नगर में महिला मतदाताओं की संख्या 1300 से ज्यादा हैं.
बनाये गये दो मतदान केंद्र : गया स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नगर में दो मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिसमें जैन कॉलेज मतदान केंद्र व प्रखंड परिसर स्थित मतदान केंद्र शामिल हैं.
जिला सहकारिता पदाधिकारी बने कंट्रोल रूम के प्रभारी : चुनाव को लेकर जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह को कंट्रोल रूम का प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है. मतदान से संबंधित कोई भी शिकायत उनके मोबाइल नंबर 9708019555 तथा दूरभाष संख्या 06182-248701 व फैक्स- 06182-248702, 221106 पर किया जा सकता है.
कौन मतदाता करेंगे मतदान : स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए वह सभी मतदाता जो स्नातक हैं, मतदान करेंगे. इसमें सभी स्नातक शिक्षक भी शामिल हैं, जबकि गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए वही मतदाता भाग ले सकते हैं, जो शिक्षक हैं.
सीओ व बीडीओ बनाये गये हैं पीठासीन पदाधिकारी : चुनाव को लेकर सभी बीडीओ व सीओ को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है. डीएम सह सहायक निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंडों में सफल चुनाव संचालन के लिए सभी बीडीओ व सीओ को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है.
प्रखंड मुख्यालयों में भी बने बूथ
ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा को लेकर जिले के सभी 14 प्रखंड मुख्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं. इसके साथ ही सहायक मतदान केंद्र भी बनाये गये हैं. सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह डीएम डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि निर्वाचन को सफल एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर सभी आवश्यक उपाय किये जा रहे हैं तथा इसके लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं.
स्थापित किये गये हैं 11 कोषांग
गया स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सफल चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा 11 कोषांगों का गठन किया गया है, जिसमें परिवहन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र एवं पेपर सील कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग, मतपेटिका व सामग्री कोषांग, चुनाव पर्यवेक्षण कोषांग, हेल्प लाइन कोषांग, मीडिया कोषांग तथा लोक शिकायत निवारण कोषांग शामिल हैं.
प्रखंड पुरुष महिला
शाहपुर 743 107
बिहिया 716 124
आरा ग्रामीण 906 122
आरा 3999 1330
बड़हरा 975 132
कोइलवर 1144 204
उदवंतनगर 1189 219
जगदीशपुर 840 235
पीरो 2285 536
चरपोखरी 841 69
गड़हनी 440 68
अगिआंव 537 80
संदेश 400 69
तरारी 880 127
सहार 476 81
