आरा : समान काम के लिए समान वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर शिक्षकों ने डीइओ कार्यालय के समक्ष विशाल प्रदर्शन किया. जिले भर से हजारों की संख्या में शिक्षक प्रदर्शन में शामिल हुए.
इस दौरान शिक्षकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन को उग्र बनाने का भी एलान किया. धरना-प्रदर्शन के पहले शिक्षकों ने रमना मैदान से जुलूस निकला, जो शहीद भवन, नागरी प्रचारिणी, आंबेडकर चौक व नगर निगम के रास्ते डीइओ के कार्यालय तक पहुंचा. जुलूस में शामिल शिक्षक हाथ में बैनर-पोस्टर और तख्ती लिये हुए थे तथा राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.
डीइओ कार्यालय के पास काफी देर तक प्रदर्शन करने के बाद शिक्षकों की एक सभा हुई, जिसे संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार मंटू ने कहा कि नियोजित शिक्षकों के प्रति बिहार सरकार छल कर रही है. सरकार के इशारे पर नौकरशाह नियोजित शिक्षकों के हक पर कुठाराघात करने का मन बना चुके हैं. सेवा-शर्त को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ सरकार पूरी तरह से अन्याय कर रही है. शराबबंदी जनहित में है, इसलिए मानव शृंखला का शिक्षक बहिष्कार नहीं कर रहे हैं. काली पट्टी लगाकर इसका विरोध किया जायेगा. मौके पर रजनीकांत सिंह, अनिल कुमार सिंह, अभिषेक क्षत्रप, अरुण कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिन्हा, राकेश रंजन, राजेश कुमार सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, शैलेंद्र कुमार सिंह सहित हजारों की संख्या में शिक्षक शामिल थे.
डीइओ को सौंपा गया छह सूत्री मांगपत्र
प्रदर्शन और सभा के बाद शिक्षकों का एक शिष्टमंडल डीइओ से मिला और संघ से जुड़ी छह सूत्री मांगों को रखा गया. डीइओ को शिक्षकों ने मांगपत्र सौंपा. शिक्षकों की मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन डीइओ द्वारा दिया गया. शिष्टमंडल में जिलाध्यक्ष के साथ कई शिक्षक शामिल थे.
