आरा : छात्र संगठन आइसा ने वैशाली के राजकीय अम्बेडकर कन्या आवासीय विद्यालय की 10वीं की महादलित छात्रा से बलात्कार करने व बाद में उसकी हत्या कर देने के खिलाफ व उसके परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नवादा चौक से कैंडल मार्च निकाला. जो आरा रेलवे स्टेशन परिसर पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया.
वहां वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता रंजन कुमार व जिला अध्यक्ष सबीर ने कहा कि आज बिहार में लगातार हत्याओं का दौर जारी है. इससे कोई अछूता नहीं है. लगातार महादलित परिवारों पर हमले हो रहे हैं. दो दिन पहले वैशाली के राजकीय अम्बेडकर कन्या आवासीय विद्यालय में महादलित परिवार की 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ बलात्कार और उसकी हत्या का मामला सामने आया है. आइसा के संयोजक संदीप कुमार ने कहा कि बिहार में फिर से हत्याओं का दौर शुरू हो गया है. अंत में आइसा नेताओं ने राज्य सरकार से अविलंब व निष्पक्ष रूप से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और पीड़िता के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की.
