विरोध. नोटबंदी के खिलाफ जन अधिकार पार्टी ने शुरू किया आंदोलन
आधा घंटा तक शटल ट्रेन को रोके रखा
24 हिरासत में, बाद में किये गये रिहा
आरा : नोटबंदी के खिलाफ जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रेल रोको कार्यक्रम के तहत आरा रेलवे स्टेशन पर लगभग आधा घंटे तक शटल ट्रेन को रोके रखा. ट्रेन के इंजन पर चढ़ कर जाप के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. रेल पुलिस को भी कार्यकर्ताओं को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. रेल पुलिस ने जाप के दो दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, तब जाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. हालांकि बाद में सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया. इसके बाद जाप कार्यकर्ताओं की एक सभा हुई. जानकारी के अनुसार, सुबह सात बजे जाप कार्यकर्ता आरा
रेलवे स्टेशन पहुंच गये और जैसे ही बक्सर-मोकामा शटल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची, कार्यकर्ता इंजन पर चढ़ गये तथा बैनर-पोस्टर लगा कर नारेबाजी करने लगे. इसकी वजह से काफी देर तक स्टेशन परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम रहा. शटल रोके जाने के कारण दैनिक यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी. वहीं, कई ट्रेनें भी पीछे दूसरे स्टेशनों पर खड़ी रहीं. सभा का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जाली नोट, कालाधन और नकद बंदी के नाम पर जनता को परेशान कर रही है. गरीब आदमी लाइन में खड़ा कर दिया जा रहा है और अमीरों का कालाधन सफेद किया जा रहा है. केंद्र सरकार की इस कार्यशौली से मजदूर व किसान वर्ग पूरी तरह से तबाह है. मौके पर प्रदेश महासचिव बबन यादव, नगर अध्यक्ष अविनाश कुमार उर्फ लड्डू यादव, प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार, अजय यादव, सनोज कुमार, रॉकी कुमार, हरेंद्र कुमार, छात्र अध्यक्ष विवेक राज, उपेंद्र कुमार, वकील यादव, ब्रजेश यादव, राजू गुप्ता, समीर सिन्हा, मनीष सिंह, धीरज पांडेय, रबी कुमार, मनीष व महेंद्र पांडेय सहित कई कार्यकर्ता थे.
नोटबंदी के खिलाफ आरा रेलवे स्टेशन पर बक्सर-मोकामा शटल ट्रेन को रोक कर विरोध जताते जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता.
कल किया जायेगा सड़क को जाम
नोटबंदी की ही मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन के क्रम में जनाधिकार पार्टी 22 दिसंबर को सड़क जाम करेगी. धरहरा के समीप आरा-पटना हाइवे को जाम किया जायेगा. नेताओं ने बताया कि पार्टी की ओर से इस संबंध में प्रशासनिक महकमे को भी सूचना दे दी गयी है. साथ ही सड़क जाम करने के लिए कार्यकर्ताओं को गोलबंद किया जा रहा है.
