सूचना मिलने के बाद गांव में मचा कोहराम
आरा/उदवंतनगर : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गये. नैनो कार पिकअप के चकमे से सड़क के किनारे पुलिया से टकरायी और इसके बाद कार के परखचे उड़ गये. कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद कार की हालत देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी.
हादसे के बाद लग गया सड़क जाम : आरा-सासाराम स्टेट हाइवे पर दुलारपुर गांव के समीप हुए हादसे के बाद सड़क जाम हो गया था. सड़क पर नैनो कार की टक्कर होने के बाद दोनों ओर से वाहनों का परिचालन थम गया.
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और नैनो कार को साइड में हटवाया. इसके बाद आवागमन बहाल हुआ. हादसे की वजह से लगभग आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा.
गांव में पहुंची सूचना तो मच गया कोहराम : घटना की सूचना जब जगदीशपुर थाने के कोकिला गांव में पहुंची, तो कोहराम मच गया. मेले के लिए घर से निकले लोगों के परिजन जैसे-तैसे ही आरा के लिए निकल गये. जब कारचालक सुधीर के घर के लोगों को उसकी मौत की सूचना मिली, तो रोना-पीटना शुरू हो गया. सदर अस्पताल पहुंचे परिजन प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को लेकर पटना चले गये.
सदर अस्पताल में घायल का इलाज करते डॉक्टर.
