पिछले दिनों पुलिस ने इस धंधे में शामिल लोगों को िकया था गिरफ्तार
50 से लेकर 200 रुपये तक की होती है वसूली
आरा : नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में एक बार फिर बाहर से आनेवाले वाहनों से नाजायज वसूली का धंधा चल रहा है.
कुछ माह पूर्व बस पड़ाव के पास पुलिस की छापेमारी में इस धंधे में लिप्त कई लोग पकड़े गये थे और उनके पास से नगर निगम की फर्जी रसीद भी बरामद हुई थी. नगर निगम क्षेत्र के बस पड़ाव, अनाईठ धोबी घटवा, बिहारी मिल गोढ़ना रोड मोड़ के पास, चंदवा आदि क्षेत्रों में यह गिरोह पांच-सात की संख्या में रहता है
और बाहर से आनेवाले छोटे वाहनों से लेकर बड़े वाहनों तक से 50 से लेकर 200 रुपये तक की वसूली करता है और उन्हें एक फर्जी रसीद थमा देता है. दिये जाने वाले रसीद पर सिर्फ नगर निगम लिखा रहता है और सिर्फ रुपये के कॉलम में ली गयी राशि को अंकित रहती है. कभी-कभी कोई वाहन चालक रुपये देने में आनाकानी करता है, तो उनसे गुंडागर्दी भी की जाती है. महत्वपूर्ण बात यह है कि इनका कोई स्थायी ठिकाना नहीं होता है. ये परिस्थितियों को भांप कर अपना स्थान बदलते रहते हैं.
क्या कहते हैं अधिकारी
नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग करने वाले वाहनों से सिर्फ पार्किंग का निर्धारित शुल्क वसूल किया जाता है. बाहरी छोटे या बड़े वाहनों से नगर निगम द्वारा कोई शुल्क वसूल नहीं किया जाता है. यदि कोई इस तरह का कार्य कर रहा है, तो वह गैर कानूनी है.
प्रमोद कुमार, नगर आयुक्त
