प्रशासन दोनों पक्षों की सुन समस्याओं का करेगा निराकरण : डीएम
आरा : डीएम डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव, पुलिस कप्तान क्षत्रनील सिंह ने संयुक्त रूप से पीरो क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा की तथा लोगों से उनकी समस्याएं सुन कर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया. पीरो के लोग अब पूरी तरह अपनी दिनचर्या के कामों में लग गये हैं.
प्रशासन रख रहा सतत निगरानी : जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर अभी भी सतत निगरानी रखी जा रही है. दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति और पुलिस गश्त अभी भी जारी है.
शिक्षण संस्थान खुले : पीरो क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थान खुल गये हैं. शिक्षण संस्थानों के खुलने से छात्रों में खुशी का माहौल देखा गया. वहीं, विद्यालयों में छात्रों के पहुंचने के साथ ही चहल-पहल लौट आयी है.
बैंक, दुकान और बाजार में लौटी रौनक : पीरो के बाजार और दुकान खुलने के साथ ही बाजारों की रौनक आयी है.
वहीं, बैंक व अन्य संस्थानों में भी पूर्व की तरह कार्य होने लगे हैं. जिला प्रशासन द्वारा लोगों से सीधे संवाद कायम करने का आज भी सिलसिला जारी रहा और पूरी गंभीरता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं के निष्पादन का प्रयास किया जा रहा है.
प्रशासन बिना भेदभाव के दोनों पक्षों की समस्याओं को सुनने को तैयार
डीएम ने कहा कि पीरो क्षेत्र के लोगों से विनम्रता के साथ अपील की गयी है कि अब लोग पूरी तरह अपने-अपने काम-धंधे में लग जाएं तथा अन्य लोगों को भी शांतिपूर्वक जीवन व्यतीत करने में मदद करें. पूर्व की भांति लोग एक-दूसरे के साथ मिल कर सद्भाव का ऐसा वातावरण तैयार करें कि लोग तनाव की बातों को भूल कर विकास व भाईचारे की मिसाल बनें. डीएम ने लोगों को पुन: विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन बिना कोई भेदभाव किये दोनों पक्षों की समस्याओं को सुन कर उसका निराकरण करने को तैयार है.
योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश
डीएम डॉ वीरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि पूरी ईमानदारी और सुझ-बूझ के साथ लोगोंं की समस्याओं को सुना जाये और उसका निराकरण किया जाये. उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पीरो क्षेत्र में विकास कार्यों का क्रियान्वयन तेजी से कराया जाये.
