बसचालक के चकमा देने से गिर पड़ा था पानी भरे गड्ढे में
आरा : कृष्णगढ़ थाने के कृष्णागढ देवरिया में स्कूल से पढ़ कर घर लौट रहा आठ वर्षीय बालक बसचालक द्वारा दिये गये चकमे की वजह से पानी से भरे गड्ढे में गिर गया. जबतक लोग बचाते तबतक उसकी मौत हो चुकी थी. इस घटना के बाद परिजनों में मातमी सन्नाटा छा गया.
गुस्साये ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर आरा-सरैया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार, कृष्णगढ़ देवरिया के हरिओम दूबे का आठ वर्षीय पुत्र बमबम दूबे स्कूल से पढ़ाई कर स्कूल गेट के समीप पहुंचा था, तभी बस के चकमा से बचने के लिए पीछे हटा, तो बगल के गहरे गड्ढे में जा गिरा. जबतक स्थानीय लोग उसे बचाने का प्रयास करते, तबतक मासूम बमबम दूबे डूब चुका था. परिजनों ने इलाज के लिए उसे तत्काल सदर अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया.
उधर, आक्रोशित परिजनों ने आरा-सरैया मुख्य मार्ग को जाम कर मुआवजे की मांग कर रहे थे. घटना की जानकारी मिलते ही पहुंची स्थानीय थाना ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम हटा. परिजनों का आरोप था कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से बालक गड्ढे में गिरा और उसकी मौत हो गयी.
