आरा. ‘न करेंगे विवाद, न होगा विवाद, हम सब हैं भाई-भाई’ का नारा बुलंद करते दो पक्ष के लोग सड़क पर निकले, तो लगा ही नहीं कि कल के यही जगदीशपुर के लोग हैं, जिनके बीच मतभेद था. आपसी सौहार्द बनाने की पहल ने अधिकारियों से लेकर आमजनों तक सब का मन मोह लिया.
जगदीशपुर में शुक्रवार को दो पक्ष के लोगों ने एक साथ जुलूस निकाल कर भाईचारे को प्रदर्शित किया. इस जुलूस की खास बात रही कि दोनों पक्ष एक साथ मार्च करते दिखे और जगदीशपुर के लोगों से हाथ जोड़ कर यह अपील की कि आप सब आपसी सौहार्द बनाये रखें व उपद्रवियों के बहकावे में न आएं. कुछ नेताओं ने कहा कि मुट्ठी भर लोग हमारी एकता को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. वे किसी भी हाल में सफल न हों. कई लोगों ने कहा पीरो के लोग भी लें सीख. जगदीशपुर के जुलूस में शामिल लोगों ने कहा कि आपसी सौहार्द बनाएं, अफवाहों में न पड़ें, जिससे आपसी माहौल खराब हो.
