आरा : आरा से डिहरी जाने के क्रम में बीच रास्ते से सुधा डेयरी के करीब 9 लाख रुपये मूल्य का घी लदा ट्रक के गायब होने का संनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में आरा सुधा डेयरी के एमडी ने नवादा थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करायी है. संवेदक सह वाहन मालिक और इनके पार्टनर के बीच उत्पन्न विवाद के कारण घटना को अंजाम दिये जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है. इन सबके बावजूद अबतक सुधा डेयरी के 9 लाख के घी का कोई अता-पता नहीं चला है.
इधर इस घटना के पीछे संवेदक सह वाहन मालिक व चालक की मिलीभगत की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है. ऐसे में 9 लाख का घी रास्ते से ही गायब हो जाने और घी लदा ट्रक का चालक सहित अपहरण कर लिये जाने की भी बात सामने आ रही है. घटना को लेकर पहले तो सुधा डेयरी के अधिकारियों ने चुप्पी साधे रखी, लेकिन मामला उजागर होते ही अपने स्तर से खोजबीन के बाद जब निष्कर्ष नहीं निकला, तो आनन- फानन में नवादा थाना में संवेदक व वाहन चालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया गया.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुधा डेयरी से वाहन पर 9 लाख का घी लादा गया, ताकि डिहरी ले जाकर सुधा के दुकानों पर सप्लाई किया जा सके. लेकिन बीच रास्ते से ही वाहन समेत उसपर लदा लगभग 9 लाख का घी गायब हो गया. सूत्रों का कहना है कि सुधा डेयरी के अधिकारियों ने संवेदक मुकेश ठाकुर से इस संबंध में बात करने पर उसने बताया कि औरंगाबाद में वाहन पर लदा घी एक पक्ष द्वारा जब्त् कर मुझे बंधक बना लिया गया है. 9 लाख का घी का पता नहीं लगते देख अधिकारियों ने पुलिस को ही सूचना देने में भलाई समझी और नवादा थाना में संवेदक व चालक के विरूद्ध आवेदन देकर 9 लाख के घी के संबंध में पता लगाने की गुहार लगायी है.
