पीरो : शनिवार को पीरो के कृषि फार्म के समीप खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग जाने के कारण हरेराम राय, उपेंद्र राय, यमुना सिंह और भरत सिंह नामक किसानों के लगभग चार बीघे में लगी गेहूं की फसल जल कर राख हो गयी़ जानकारी के अनुसार तेज हवा में बिजली के तारों के आपस में टकराने के कारण उससे निकली चिनगारी गेहूं की फसल तक पहुंच गयी और देखते-ही-देखते चार बीघे में लगी फसल जल कर राख हो गयी़
इधर दूसरी ओर शनिवार की शाम पीरो नगर के मिल्की में भी बिजली के तार के आपस में टकराने के कारण उससे निकली चिनगारी से मिल्की अवस्थित कब्रिस्तान में आग लग गयी़ हालांकि वहां मौजूद लोगों द्वारा आनन-फानन में किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया़ इस कारण आग खेतों तक नहीं पहुंच पायी़ पिछले कई दिनों से लगातार हो रही अगलगी की घटनाओं के कारण किसानों में दहशत की स्थिति बनी हुई है़
किसानों का कहना है कि क्षेत्र में अभी तक जितनी भी अगलगी की घटनाएं हुई है. उसमें से 80 फीसदी घटनाएं विद्युत तार के टूटने व आपस में टकराने के कारण हुई है़ किसानों ने स्थानीय प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तत्काल समुचित उपाय किये जाने की अपील किया है़
