आरा : ट्रैक्टर लूटनेवाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद भोजपुर पुलिस ने एक बड़े गिरोह का परदाफाश किया है. प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव निवासी मुकेश चौधरी का ट्रैक्टर 31 मार्च की रात चकरदह से चोरी कर लिया गया था.
इसे लेकर वाहन मालिक द्वारा उदवंतनगर थाने में मामला (99/15 कांड संख्या) दर्ज कराया गया था. वहीं ट्रैक्टर की बरामदगी व गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी को लेकर उदवंतनगर थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गयी.
जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किये गये ट्रैक्टर को गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश में बेचने के लिए ले जा रहे हैं. सूचना मिलने के साथ ही धोबहां मोड़ के पास सड़क पर एंबुलेंस लगा दिया गया. जैसे ही ट्रैक्टर लेकर गिरोह के सदस्य पहुंचे, उन्हें धर दबोचा गया. पकड़े गये सदस्यों ने अब तक 12 ट्रैक्टर व वाहन लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. वहीं दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. एसपी ने बताया कि बिहार से लूटे गये ट्रैक्टर को गिरोह के लोग यूपी में ले जाकर बेच देते थे और वहां से लूटे गये ट्रैक्टर को बिहार में बेचते थे. इन गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार के कई जिलों में फैला हुआ है.
गिरोह के सदस्यों के पास से कई समान बरामद
पकड़े गये दीपक कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह तथा महेंद्र माली के पास से पुलिस ने चार मोबाइल सेट, पांच हजार नकद, थ्रेशर, बाइक सहित कई सामान बरामद किये हैं. पुलिस बरामद मोबाइल की सीडीआर निकालने में जुटी हुई है, ताकि गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार किया जाये.
दीपक का है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव निवासी दीपक के विरुद्ध जिले के नवादा नगर तथा उदवंतनगर थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने बताया कि नवादा थाने में कांड संख्या 214/14 आर्म्स एक्ट, नगर थाना में 150/14 तथा नगर थाना में 91/14 जो सभी चोरी, लूट से संबंधित मामले दर्ज है. वहीं दीपक को पुलिस पूछताछ के लिए रिमांड पर ले सकती है.
