सात मार्च से बच्ची के साथ थी लापता, मामला दर्ज
आरा : रविवार की सुबह जैसे ही इमादपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कानुडीह गांव के बधार स्थित कुएं से महिला का शव मिला. इलाके में सनसनी फैल गयी. पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से महिला का शव कुएं से बाहर निकाला गया. इसके बाद उसकी पहचान विसंभरपुर गांव निवासी दिनेश पासवान की पत्नी वार्ड सदस्य देवंती देवी के रूप में की गयी.
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेजवाया. इस संबंध में ईमादपुर के थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला सात मार्च से बेटी के साथ गायब थी. बेटी को उसके मायके तिरोजपुर से बरामद किया गया है, जबकि महिला का शव एक कुएं से मिला. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पायेगा कि महिला की मौत कैसे हुई है. साथ ही पुलिस इस मामले में कई बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है.
