बाइक सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
नवादा थाना क्षेत्र के हरि जी के हाता मोड़ के समीप हुई घटना
आरा : शहर के अतिव्यस्ततम इलाके में उचक्कों ने नगर निगम कर्मचारी से एक लाख 10 हजार रुपये उड़ा कर पुलिस को चुनौती दे दी है. घटना शु्क्रवार की शाम की है, जब नगर निगम कर्मचारी बैंक से पैसा निकालकर रिक्शा पर सवार होकर अपने घर जा रहा था, तभी नवादा थाना क्षेत्र के हरि जी हाता मोड़ के समीप बाइक सवार अपराधियों ने पैसा भरा बैग लेकर भाग निकले. जबतक नगर निगम कर्मचारी हो- हल्ला करते तब तक अपराधी भाग चुके थे.
घटना की सूचना मिलने के बाद नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और छानबीन में जुट गयी. नगर निगम कर्मचारी नवादा थाना क्षेत्र के नवादा मुहल्ला निवासी शत्रुघ्न कुमार प्रसाद बताया जाता है. घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस आनन- फानन में मौके पर पहुंच गयी और पड़ताल शुरू कर दी गयी. बताया जा रहा है कि नगर निगम कर्मचारी शत्रुघ्न प्रसाद राजेंद्र नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से पैसा निकाल कर घर जा रहे थे. इस संबंध में नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि अपराधी बाइक पर सवार थे. अपराधियों की पहचान की जा रही है. बहुत जल्द इन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
बाइक पर सवार थे अपराधी
घटना को अंजाम देनेवाले अपराधी अपाची बाइक पर सवार होकर नगर निगम कर्मचारी का पीछा कर रहे थे. हरि जी के हाता मोड़ के समीप मौका पाकर पैसा से भरा बैग लेकर उड़ गये. हालांकि नवादा थाना पुलिस ने बैंक से लेकर कई जगहों का सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. इसके पहले भी इन इलाकों में उचक्के घटना को अंजाम दे चुके हैं.
