आरा : गोली बेचने के कारोबार में शामिल एक छात्र को पुलिस ने दबोच लिया. छात्र अपने एक साथी के साथ गोली बेचने निकला था, जिसे पुलिस ने दबोचा लिया. हालांकि छात्र का एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. नगर थाना क्षेत्र के अबरपुल के समीप पुलिस ने गोलियों के साथ छात्र को दबोचा.
पुलिस की गिरफ्त में आया छात्र भलुहीपुर निवासी मारूफ का पुत्र नुरैन है. उसके पास से पुलिस ने 7.65 एमएम की गोलियां बरामद की है. गिरफ्तार छात्र ने अपने साथी का नाम भी पुलिस को बताया है. वह नगर थाना क्षेत्र के नाजीरगंज निवासी सूरज कुमार उर्फ सूर्या है. पुलिस कप्तान अवकाश कुमार के अनुसार, शुक्रवार की रात अबरपुल में गोलियों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली. इसके आधार पर पूरे एक टीम को लगाया गया और इलाके की घेराबंदी कर खरीद-बिक्री करने वालों की धर-पकड़ शुरू कर दी गयी.
इस दौरान पुलिस को देख दो युवक भागने लगे. इस पर पुलिस ने एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा. तलाशी के क्रम में पकड़े गये युवक की पैंट के जेब से दस गोलियां बरामद की गयीं. पूछताछ में क्रम में उसने अपने को छात्र बताया और कहा कि गोलियां सूर्या की हैं. सूर्या ने ही गोली रखने के लिए दी थी. सूर्या की तलाश की जा रही है. इसके लिए नूरैन की निशानदेही पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने बताया कि कि सूर्या की गिरफ्तारी के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पायेगा. इस मामले में नूरैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है.
