छात्रों ने जाम की सड़क, किया हंगामा
आरा : आर्मी की भर्ती में शामिल होने के लिए आचरण बनवाने वाले युवाओं से स्टांप के ज्यादा रुपये लिये जाने पर छात्रों का गुस्सा भड़क गया. गुस्साएं छात्रों ने सोमवार को विद्या भवन के समीप सड़क जामकर हंगामा शुरू कर दिया. हंगामे की वजह से सड़क पर जाम लग गया. इसकी वजह से कार्यालय […]
आरा : आर्मी की भर्ती में शामिल होने के लिए आचरण बनवाने वाले युवाओं से स्टांप के ज्यादा रुपये लिये जाने पर छात्रों का गुस्सा भड़क गया. गुस्साएं छात्रों ने सोमवार को विद्या भवन के समीप सड़क जामकर हंगामा शुरू कर दिया. हंगामे की वजह से सड़क पर जाम लग गया. इसकी वजह से कार्यालय जानेवाले अफसरों व कर्मियों सहित आमलोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी. युवाओं का आरोप था कि 10 रुपये का स्टांप 50 से 60 रुपये में बेचा जा रहा है. छात्रों के द्वारा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी. छात्रों का कहना था कि एक तो बेरोजगारी का दंश झेल रहा है, उस पर स्टांप विक्रेता उनका शोषण कर रहे हैं
और अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं. जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट विकास कुमार ने हंगामा कर रहे युवाओं को समझाया-बुझाया. इसके बाद छात्रों ने जाम हटाया, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई. आर्मी बहाली में शामिल होनेवाले युवाओं को करेंट आचरण बनवाना होता है. इसके लिए स्टांप पेपर की जरूरत होती है. स्टांप पेपर लेने छात्र पहुंचे तो स्टांप विक्रेता 10 की जगह 50 से 60 रुपये मांग रहे थे. इसी को लेकर हंगामा हो गया.
युवाओं की भीड़ को देखते हुए स्टांप पेपर की बढ़ी कालाबाजारी : आचरण बनवाने से पहले जरूरी कागजात में स्टांप पेपर को भी देना पड़ता है. युवाओं की भीड़ को देखते हुए दुकानदारों द्वारा इसकी कालाबाजारी शुरू कर दी गयी. युवाओं ने बताया कि 10 रुपये का स्टांप पेपर को कालाबाजारी में 60 रुपये में बेचा जा रहा था. युवाओं द्वारा इसका विरोध करने पर दुकानदारों द्वारा स्टांप नहीं दिया जा रहा था. इसी पर युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा.
वाहनों की लगी कतार : जाम की वजह से वाहनों की कतार लग गयी, क्योंकि यह सड़क व्यस्ततम सड़कों में से एक मानी जाती है. ऐसे में जाम लगने के कारण लोगों को रास्ता बदलकर जाना पड़ा. जाम की वजह से कई अधिकारी वापस लौटे. छात्रों का गुस्सा देखकर उन्हें रास्ता बदलकर अपने ऑफिस में जाना पड़ा. आये दिन स्टांप पेपर की कालाबाजारी के मामले सामने आते हैं.
बैठक छोड़कर भागे अधिकारी : जाम स्थल से चंद कदम पर विद्या भवन में जिला पर्षद की बैठक चल रही थी. बैठक में सारे अधिकारी मौजूद थे. ऐसे में छात्रों द्वारा सड़क जाम करने व हंगामा करने की बात सुनते ही अधिकारी भागे-भागे मौके पर पहुंचे और युवाओं को समझाने में लग गये. अधिकारियों के काफी मान-मनौअल के बाद युवाओं का गुस्सा शांत हुआ. युवाओं ने कहा कि प्रशासन इस मामले का स्थायी समाधन करें. हर बार यही हाल होता है. अधिकारी आश्वासन देते हैं और जाम हटता है. कुछ दिनों बाद फिर यही हाल शुरू हो जाता है.