पुरानी रंजिश में तीन दोस्तों को बदमाशों ने मारी गोली
आरा : नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी चौक पर शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने तीन दोस्तों को गोली मार दी. गोली मारने के बाद दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की. दर्जनभर राउंड फायरिंग किये जाने की बात सामने आ रही है. घायलों में एक की हालत नाजुक बतायी जा रही […]
आरा : नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी चौक पर शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने तीन दोस्तों को गोली मार दी. गोली मारने के बाद दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की. दर्जनभर राउंड फायरिंग किये जाने की बात सामने आ रही है. घायलों में एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है, जिसे पटना रेफर किया गया है. गोली मारनेवालों की संख्या तीन बतायी जा रही है, जो बाइक पर सवार थे. वारदात को अंजाम देने के बाद गोली मारनेवाले बाइक से भाग निकले.
अंधाधुंध फायरिंग व तीन दोस्तों को गोली मारे जाने की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गयी. पुलिस महकमा भी हरकत में आ गया. सूचना मिलते ही एसडीपीओ संजय कुमार व नवादा थानाध्यक्ष नेयाज अहमद मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गयी. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. एक बदमाश की बाइक भी जब्त की गयी है. पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे भी मिले हैं. घायलों में नवादा थाना क्षेत्र के पकड़ी निवासी अमित कुमार, विनीत कुमार उर्फ सुग्गु व रवि कुमार उर्फ रौशन शामिल हैं. इसमें अमित की स्थिति गंभीर बनी है, जिसे पटना रेफर कर दिया गया है. विनीत व रवि का इलाज आरा में कराया गया.
बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त शुक्रवार की रात रेलवे स्टेशन से लौट रहे थे, तभी पकड़ी चौक पर एक बाइक पर सवार बदमाशों ने तीनों को टारगेट करते हुए फायरिंग शुरू कर दी. इसमें अमित को दो और विनीत व रवि को एक-एक गोली लगी.फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश भाग चुके थे. बाद में पुलिस भी पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया.
कुख्यात के रिश्तेदार सहित तीन पर नामजद प्राथमिकी : गोली मारे जाने के मामले में नवादा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें जिले के कुख्यात अपराधी चंदन महतो के रिश्तेदार समेत तीन को नामजद किया गया है. जख्मी विनीत कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें पकड़ी गांव निवासी प्रद्युमन कुमार, महाराज हाता निवासी आदित्य कुमार व मौलाबाग निवासी नामिज शामिल हैं. एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि प्रद्युमन कुमार व आदित्य कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
आदित्य की बाइक भी जब्त की गयी है. दो संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि नाजिम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार प्रद्युमन कुमार कुख्यात चंदन महतो का रिश्तेदार है. उसके खिलाफ पकड़ी स्थित पॉल्ट्री फॉर्म पर फायरिंग, रंगदारी, बाइक चोरी व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं. फायरिंग के मामले में प्रद्युमन जेल भी गया था.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस : फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस काफी सक्रिय है. घटना में शामिल सभी बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है.
पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वारदात को अंजाम देने में कितने लोग थे.
पूर्व में हुई थी मारपीट : पकड़ी चौक पर शुक्रवार की देर रात की गयी फायरिंग व तीन दोस्तों को गोली मारे जाने के मामले में पूर्व का विवाद सामने आ रहा है. कुछ माह पूर्व इनमें से एक का विवाद फायरिंग करने वालों के साथ हुआ था, जिसके बाद मारपीट भी हुई थी.बताया जा रहा है कि उसी विवाद में बदमाशों द्वारा तीनों पर हमला किया गया है.
क्या कहते है अधिकारी
पूर्व के विवाद में गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है. मामले की छानबीन की जा रही है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली जा रही है. घटना को अंजाम देनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
संजय कुमार, एसडीपीओ