आरा : रिजर्वेशन काउंटर पर टिकट दलाली को रोकने के लिए आरपीएफ ने पहल शुरू की है. शुक्रवार से रिजर्वेशन काउंटर पर आनेवाले लोगों की वीडियोग्राफी करायी जायेगी ताकि लाइन में लगकर टिकट लेनेवाले लोगों की पहचान की जा सके. आरपीएफ का मानना है कि लाइन में लगकर टिकट दलाल भी टिकट खरीद रहे हैं.
इसी को रोकने के लिए यह पहल की गयी है ताकि टिकट दलाली को रोका जा सके. रेलवे टिकट दलाली को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है. यहीं नहीं बिहिया जैसे स्टेशनों पर भी आरपीएफ की तैनाती के अलावे वीडियोग्राफी कराने का निर्णय लिया गया है.
हाल के दिनों में टिकट की दलाली को रोकने के लिए रेलवे बोर्ड स्तर से मॉनीटरिंग की जा रही है. हाल में पूमरे द्वारा एक प्रेस बयान जारी कर रिजर्वेशन काउंटर विजिलेंस के अधिकारियों की तैनाती की घोषणा की गयी है. रेलवे का मानना है कि इस तरह के कदम से टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगेगी. इसके कारण आम यात्रियों को अासानी से टिकट मिल सके. आरपीएफ, आरा के इंस्पेक्टर एसएन राम ने बताया कि वीडियोग्राफी करायी जायेगी, ताकि लाइन में लगनेवाले लोगों की पहचान किया जा सके. आम यात्री को टिकट अासानी से मिल सके.
