ट्रेन के चक्के में फंसा केबल

बिहिया : दानापुर रेलमंडल के आरा-बक्सर रेलखंड स्थित बिहिया रेलवे स्टेशन से तेज गति से गुजर रही नॉन स्टॉप ट्रेन में प्लेटफाॅर्म पर बिछाया गया केबल का तार फंस जाने से शनिवार की दोपहर में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. इस दौरान तार से स्टेशन पर ताबड़तोड़ उड़ रही गिट्टी की चपेट में आने […]

बिहिया : दानापुर रेलमंडल के आरा-बक्सर रेलखंड स्थित बिहिया रेलवे स्टेशन से तेज गति से गुजर रही नॉन स्टॉप ट्रेन में प्लेटफाॅर्म पर बिछाया गया केबल का तार फंस जाने से शनिवार की दोपहर में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. इस दौरान तार से स्टेशन पर ताबड़तोड़ उड़ रही गिट्टी की चपेट में आने से स्टेशन पर सफाई कार्य में लगा एक सफाई मजदूर जख्मी हो गया.

जख्मी मजदूर का नाम रामजन्म (35 वर्ष) बताया जाता है जो कि बिहिया थाना क्षेत्र के गंज गांव निवासी रामसहित का पुत्र है. जख्मी मजदूर का बिहिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया. इसकी वजह से काफी देर तक बिहिया स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा.

गिट्टी की ताबड़तोड़ बौछार से धुएं में डूबा स्टेशन: जानकारी के अनुसार बिहिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर फुट ओवरब्रिज से पैनल कक्ष तक केबल का तार बिछाया जा रहा था. इस दौरान बेतरतीब तरीके से प्लेटफाॅर्म पर तार फैले हुए थे. इसी क्रम में प्लेटफाॅर्म नंबर दो से सटे अप मेन लाइन से तीव्र गति से गुजर रही 07092 अप रक्सौल-सिकंदराबाद स्पेशल ट्रेन के चक्के में हवा के दबाव से बिछाये गये केबल का एक छोर फंस गया जो कि देखते- ही- देखते तार को समेटते हुए तेज गति से ले जाने लगा.
इस दौरान रेल ट्रैक से भारी मात्रा में गिट्टियां चारों तरफ उड़कर बरसने लगीं और स्टेशन पर धुआं-सा फैल गया. स्टेशन पर मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे. वहीं गिट्टी उड़ने की घटना से पश्चिमी रेल क्राॅसिंग पर भी अफरा-तफरी मची रही.
खाली था प्लेटफाॅर्म वरना होता बड़ा हादसा
हादसा होने के महज कुछ देर पूर्व ही यात्रियों से खचाखच भरे स्टेशन से अप और डाउन की पैसेंजर ट्रेनों में सवार होकर यात्री जा चुके थे, जिससे घटना के वक्त स्टेशन पर न के बराबर लोग मौजूद थे. बताया जाता है कि अगर भीड़ के दौरान उक्त हादसा होता, तो केबल तार से खींचकर व गिट्टी की चोट से कितने ही यात्रियों की या तो जान चली जाती या जख्मी हो जाते. ट्रेन के चक्के में फंसे केबल को बिहिया व बनाही स्टेशनों के मध्य स्थित जगदेव हाल्ट पर स्पेशल ट्रेन को रोककर निकाला गया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो पायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >