सात लोगों पर दर्ज की गयी प्राथमिकी
नगर थाने के मोती टोला मुहल्ले में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी
आरा : नगर थाना पुलिस ने मोती टोला मुहल्ले में छापेमारी कर 22 पेटी शराब के साथ बाप-बेटा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. तीनों के बताये हुलिए पर चार और तस्करों को पुलिस ने चिह्नित किया है. शराब तस्करी के मामले को लेकर सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है.
पकड़े तीन लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोती टोला मुहल्ले के एक घर में शराब की बड़ी उतारी गयी है. यहीं से शहर के अन्य इलाकों में सप्लाई की जायेगी. इसी आधार पर पुलिस टीम ने मूसा यादव के घर पर छापेमारी की. इस दौरान उसका बेटा प्रमोद यादव व एक अन्य व्यक्ति खेसारी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
इसके बाद पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ शुरू की, तो तीनों चार और लोगों का नाम रखा. पकड़े गये लोगों ने पुलिस को बताया कि काजी मुहल्ले में रहने वाले इमरान, सुहैल, मनीष व विकास नामक लोग भी इस धंधे में शामिल है. इसके बाद पुलिस ने इन चारों पर भी एफआइआर कर लिया. इस मामले में कुल सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआइआर दर्ज किया है.
इसमें से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इन चारों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. पुलिस कार्रवाई लगातार होने के बाद भी शराब तस्करी का धंधा नहीं बंद हो रहा है.
