नाराजगी . हिंदुओं को जान- बूझकर केस में फंसाया जा रहा है
घायल भाजपा नेता मदन स्नेही से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना
आरा : तुष्टीकरण की राजनीति से सामाजिक सौहार्द ध्वस्त हो रहा है. सभी के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए. कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए. उक्त बातें केंद्रीय लघु एवं सूक्ष्म उद्योग राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने परिसदन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहीं.
श्री सिंह ने कहा कि पीरो में प्रशासन के पक्षपातपूर्ण रवैया के कारण घटनाएं हो रही हैं तथा सामाजिक सौहार्द बिगड़ रहा है. एक वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर पीरो में हिंदुओं पर प्रशासन का अत्याचार जारी है. उन्होंने कहा कि शांति समिति की बैठक के निर्णय के अनुसार हिंदुओं ने कार्य किया, पर दूसरा पक्ष निर्णय की अनदेखी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य किया.
श्री सिंह ने कहा कि हिंदुओं को जान- बुझकर केस में फंसाया जा रहा है. अब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. रोहिंग्या मुसलमानों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह अवैध घुसपैठिये हैं तथा देश के लिए खतरा है, पर विशेष तरह की राजनीति करनेवालों को उनके लिए मानवाधिकार नजर आता है. इसके पूर्व मंत्री ने पीरो की घटना में घायल तथा एक निजी चिकित्सालय में इलाज करा रहे भाजपा नेता मदन स्नेही से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुशवाहा, पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, सुरेश सिंह, अंगद सिंह, डॉ रमेश कुमार सिन्हा, धीरेंद्र सिंह, राजेंद्र तिवारी, विजेता विजय वर्द्धन, महेश पासवान, बिरजू तिवारी, उदय प्रताप सिंह, प्रह्लाद राय, सूर्यकांत पांडेय, विजय सिंह, सूर्यभान सिंह आदि उपस्थित थे.
