पांचवें दिन भी बंद रहीं दुकानें

पीरो में स्थिति धीरे-धीरे हो रही सामान्य, तनाव बरकरार पीरो : पीरो में हुए हंगामे के बाद व्याप्त तनाव धीरे-धीरे कम होने के साथ स्थिति सामान्य होने लगी है,पर घटना के पांचवें दिन भी शहर के अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान व निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे. आम दिनों की तरह चहल-पहल नहीं दिखायी दी. वैसे गुरुवार […]

पीरो में स्थिति धीरे-धीरे हो रही सामान्य, तनाव बरकरार

पीरो : पीरो में हुए हंगामे के बाद व्याप्त तनाव धीरे-धीरे कम होने के साथ स्थिति सामान्य होने लगी है,पर घटना के पांचवें दिन भी शहर के अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान व निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे. आम दिनों की तरह चहल-पहल नहीं दिखायी दी. वैसे गुरुवार को भी सब्जी, फल व चाय-पान की कुछ दुकानें खुलीं, पर बाजार की रंगत फीकी रही. शाम पांच बजे के बाद शहर के चौक-चौराहे व सडकें फिर से वीरान हो गयीं.
गुरुवार को बैंकों में हुआ कामकाज : दुर्गापूजा व मुहर्रम की छुट्टी तथा पिछले कुछ दिनों से यहां इंटरनेट सेवा बंद रहने से विभिन्न बैंकों की स्थानीय शाखाओं में कामकाज ठप था, लेकिन गुरुवार को यहां विधिवत काम काज शुरू हो गया. भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय शाखा प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि उनकी शाखा में बुधवार को भी पैसों की जमा -निकासी का काम हुआ, लेकिन आम दिनों की तरह लोगों की भीड़ नहीं दिखी. अनुमंडल मुख्यालय स्थित पीएनबी, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, मध्य बिहार ग्रामीण बैंक की शाखाओं में भी गुरुवार को काफी कम संख्या में लोग पहुंचे. वैसे सभी विभागों के स्थानीय सरकारी दफ्तर मंगलवार से ही नियमित खुल रहे हैं.
प्रशासन ने जनजीवन सामान्य होने का किया दावा
पीरो अनुमंडल मुख्यालय में रविवार को हुई तोड़फोड़ व हंगामे के बाद यहां स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाने का दावा प्रशासन ने किया है. वरीय पदाधिकारियों की मानें तो यहां अब कोई तनाव नहीं है. दोनों पक्षों के लोग पहले की तरह अपने रोजमर्रा के काम में लग गये हैं.
अब भी बंद हैं कई सरकारी विद्यालय
अनुमंडल मुख्यालय स्थित कन्या मध्य विद्यालय सहित कई सरकारी विद्यालय गुरुवार को भी नहीं खुले. उर्दू मध्य विद्यालय पीरो व बालक मध्य विद्यालय में शिक्षक तो पहुंचे थे पर छात्र नदारद रहे, जिससे इन विद्यालयों में गुरुवार से होने वाली अर्द्ध वार्षिक परीक्षा शुरू नहीं हो पायी.
नहीं बख्शे जायेंगे दोषी
प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने दोहराया कि रविवार की घटना के लिए दोषी लोगों को किसी भी कीमत पर बख्सा नहीं जायेगा. दोषी लोगों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. वहीं स्थानीय प्रशासन की ओर से माइकिंग कर दुकानदारों से अपनी दुकानें खोलने की अपील की गयी है, लेकिन शहर में अभी निषेधाज्ञा लागू होने की वजह से दुकानदार दुकानें खोलने से कतरा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >