बंद रहीं अधिकतर दुकानें सिर्फ चाय-पान व सब्जी की दुकानें खुलीं
पीरो : रविवार को पीरो में हुई तोड़फोड़, रोड़ेबाजी, लूट व आगजनी की घटनाओं के बाद वैसे तो आम जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है पर चौथे दिन भी अनुमंडल मुख्यालय में चाय पान व सब्जियों को छोड़ ज्यादातर दुकानें बंद रहीं. स्थानीय प्रशासन द्वारा दुकानदारों से अपनी दुकान खोलने की बाजाब्ता की गयी अपील […]
पीरो : रविवार को पीरो में हुई तोड़फोड़, रोड़ेबाजी, लूट व आगजनी की घटनाओं के बाद वैसे तो आम जनजीवन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है पर चौथे दिन भी अनुमंडल मुख्यालय में चाय पान व सब्जियों को छोड़ ज्यादातर दुकानें बंद रहीं. स्थानीय प्रशासन द्वारा दुकानदारों से अपनी दुकान खोलने की बाजाब्ता की गयी अपील का भी असर नहीं दिखा.
दरअसल स्थानीय दुकानदार व आम लोग यहां जारी निषेधाज्ञा हटाये जाने का इंतजार कर रहे हैं. वैसे घटना के चौथे दिन यहां चाय पान व सब्जियों की दुकानें खुलने से लोगों ने काफी राहत महसूस की.
प्रशासन ने दुकानें खोलने पर पाबंदी न होने की करायी घोषणा : अनुमंडल पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार के निर्देश पर बुधवार को यहां ध्वनि विस्तारक यंत्र से यह उद्घोषणा करायी गयी कि शहर में निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद दुकानों को खोलने व लोगों के आने जाने पर कोई पाबंदी नहीं है. बीडीओ मनोरंजन कुमार पांडेय ने स्वंय पूरे शहर में घूम घूम कर लोगों से शांति बनाए रखने व आम दिनों की तरह शांति पूर्वक अपने दैनिक कार्यों में लग जाने की अपील की.
बड़ी संख्या में युवकों ने किया पलायन : रविवार की घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही ताबड़तोड़ गिरफ्तारी के डर से शहर के विभिन्न मुहल्लों से बडी संख्या में लोग दूसरे जगह पलायन कर रहे हैं. खासकर यहां के युवा गिरफ्तारी के भय से सशंकित हैं और चुपके से दूसरी जगहों पर रहनेवाले अपने सगे संबंधियों के यहां पलायन कर रहे हैं. हालांकि अनुमंडल पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार व डीएसपी रेशु कृष्णा ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिह्नित किये गये अभियुक्तों के खिलाफ ही कार्रवाई की जा रही है . किसी भी निर्दोष को नहीं फंसाया जायेगा पर दोषी लोग किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जायेंगे.
चौथे दिन भी स्कूल रहे वीरान : घटना के चौथे दिन बुधवार को भी अधिकतर स्कूल छात्रों के नहीं आने के कारण वीरान नजर आये. बालक मध्य विद्यालय, कन्या मध्य विद्यालय, प्लस टू विद्यालय व स्थानीय काॅलेजों में छात्र छात्राओं की उपस्थिति नगण्य रही. वहीं शहर के अधिकतर निजी विद्यालय बुधवार को भी बंद रहे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चिह्नित किये जा रहे हैं उपद्रवी
रविवार को ताजिया जुलूस के दौरान पथराव, तोड़फोड़ और उपद्रव में शामिल लोगों को स्थानीय प्रशासन किसी भी हाल में बख्सने के मूड में नहीं है. इस मामले में पुलिस करीब 136 नामजद लोगों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अब तक करीब 80 लोग गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. जबकि अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए एसडीओ सुनील कुमार और एसडीपीओ रेशु कृष्णा के अलावा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सीसीटीवी फुटेज और जुलूस के दौरान करायी गयी वीडियो रिकाॅर्डिंग को खंगाल रहे हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और सौ से अधिक उपद्रवियों की पहचान कर ली गयी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. हालाकि बुधवार को किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. एसडीओ सुनील कुमार ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि शहर के दुकानदारों से अपनी अपनी दुकाने खोलने की अपील की गई है. एसडीओ ने लोगों से अफवाहों को हवा नहीं देने तथा ऐसी किसी बात की तत्काल सूचना पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को देने की अपील की है.
चौथे दिन बहाल हुई इंटरनेट सेवा
पीरो. रविवार को पीरो में हुए उपद्रव की घटना के बाद पूरे जिले में बंद की गयी इंटरनेट सेवा घटना के चौथे दिन बुधवार की अहले सुबह बहाल कर दी गयी.