आरा : चंदवा में चल रहे अंतरराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन में शामिल होने के लिए आनेवाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है जगजीवन हॉल्ट पर अब पैसेंजर ट्रेनें दो से पांच मिनट तक रुक रही है. इससे हजारों यात्रियों को राहत हो रही है.
आरा के बदले दूर-दराज के इलाके से आने वाले लोग पैसेंजर ट्रेन से जगजीवन हॉल्ट पर ही उतर जा रहे हैं. इससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में भी काफी मदद मिल रही है. वहीं आम लोग हॉल्ट से उतरकर सीधे यज्ञ स्थल पर पहुंच रहे हैं. बता दें कि इससे पहले प्रभात खबर ने गत 28 सितंबर को प्रकाशित अंक में जगजीवन हॉल्ट पर ट्रेनों की ज्यादातर देर तक ठहराव का मुद्दा रेलवे के वरीय अधिकारियों के समक्ष उठाया था. दानापुर डिवीजन के अधिकारियों के समक्ष पैसेंजर ट्रेनों को ज्यादा देर तक रोके जाने का मुद्दा उठाया गया था. हालांकि इस डिवीजन के अधिकारियों ने इस मामले को रेलवे बोर्ड व जोनल अधिकारियों का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया था.
इसके बाद प्रभात खबर द्वारा जोनल अधिकारियों के समक्ष से मामले को उठाया. इसके बाद पैसेंजर ट्रेनों को यात्रियों के उतरने तक रोककर रखा जा रहा है. यही नहीं ट्रेनों के चलने से पहले हार्न भी बजाकर अलर्ट कर दिया जा रहा है ताकि लोग सतर्क हो सके. आमतौर पर पैसेंजर ट्रेनें खुलते ही काफी तेज होती है, लेकिन यज्ञ को लेकर जगजीवन हॉल्ट से खुलनेवाली पैसेंजर ट्रेनें धीमी रफ्तार से गुजर रही है. रविवार व सोमवार को पैसेंजर ट्रेन दो से पांच मिनट तक रुककर चली. पैसेंजर ट्रेन डुमरांव व बिहिया जैसे स्टेशन पर भी मात्र एक मिनट रुकती है.
प्रभात खबर की पहल पर दो से पांच मिनट तक रोकी जा रहीं ट्रेनें
रेलवे की इस पहल से हजारों यात्रियों को हो रही राहत, शहर में भीड़ हो रही कम
