आरा/अगिआंव : पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार में एक दिव्यांग शिक्षक की गला घोट कर हत्या कर दी गयी. शव को छिपाने के उद्देश्य से कमरे में बंद कर दिया गया. रविवार को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पटना से एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसके बाद कमरे से शव को बाहर निकाला गया.
एफएसएल की टीम ने कमरे से एक चाकू व गमछा बरामद किया है. हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने आरा- सहार मुख्य मार्ग को पवना के समीप जाम कर दिया. गुस्साये लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. टीम द्वारा बताया गया कि युवक की हत्या गला घोंट कर की गयी है. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. मृतक की पहचान पवना थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी शिक्षक विनोद सिंह के रूप में की गयी. मृतक पेशे से पवना हाई स्कूल में शिक्षक था, जो एक पैर से दिव्यांग था.
बताया जा रहा है कि उक्त शिक्षक पवना बाजार स्थित गोला मालिक अमरेंद्र सिंह के मकान में रहता था. रविवार को मृतक का शव उन्हीं के गोला स्थित एक कमरे से बरामद किया गया. इस घटना को लेकर बाजार में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष पवना बलवंत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. बहुत जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
