हम नेता दानिश रिजवान, इंद्रभान और चांद मिया सहित पांचों से हुई पूछताछ
पुलिस को मिले कई सुराग
आरा. गोला व्यवसायी हत्याकांड में रिमांड पर लिये गये आरोपितों को पूछताछ के बाद रविवार को जेल भेज दिया गया. पूछताछ के दौरान पुलिस को कई जानकारियां प्राप्त हुई हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गयी है. व्यवसायी हत्याकांड में पांच नामजद आरोपितों को नगर थाना पुलिस ने 24 घंटे के रिमांड पर लिया था.
इसमें हम नेता दानिश रिजवान, भाजपा से निष्कासित इंद्रभान सिंह, कुख्यात चांद मियां, हम नेता के भाई जमाल असरफ तथा मो शाहिद अली से पूछताछ की गयी. इस दौरान पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने भी पूछताछ की. अलग- अलग कमरे में पुलिस ने सभी से अकेले में पूछताछ की. बता दें कि दो जुलाई को गोला व्यवसायी कृष्ण कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था, जिसमें कई नामजद अभियुक्तों ने पुलिस दबिश के कारण कोर्ट में सरेंडर भी किया.
कई नामजद आरोपित पुलिस पहुंच से हैं दूर : गोला व्यवसायी कृष्ण कुमार सिंह की हत्या को 28 दिन हो गये, लेकिन अभी भी कई नामजद आरोपित पुलिस पहुंच से दूर हैं. डिप्टी मेयर का बेटा भी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है. हालांकि पुलिस द्वारा कुर्की -जब्ती की कार्रवाई की जा रही है.
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. घटना में शामिल मुख्य आरोपित नईम की गिरफ्तारी आज भी पुलिस के लिए चुनौती बनी है. पुलिस इसको लेकर जौनपुर, आजमगढ़ , दिल्ली सहित कई जगहों पर छापेमारी कर चुकी है.
