Bhagalpur news फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, पति से पूछताछ

रसलपुर थाना क्षेत्र धनौरा गांव में रविवार सुबह नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी.

रसलपुर थाना क्षेत्र धनौरा गांव में रविवार सुबह नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान धनौरा के नारद मुनि कुमार उर्फ फैन्सीट की पत्नी अनामिका कुमारी (23) के रूप में हुई है. दोनों की शादी करीब दो सप्ताह पूर्व आठ अप्रैल को हुई थी. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी रसलपुर थाने को दी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटायी. मृतका का मायका झारखंड गोड्डा जिला अंतर्गत मेहरमा थाना क्षेत्र के मैनाचक गांव है. मां पार्वती देवी पति रवींद्र साह ने बताया कि अनामिका की शादी 23 अप्रैल को तय थी, लेकिन लड़के पक्ष के दबाव में आठ अप्रैल को पोरैयाहाट मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अनामिका को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने इस घटना को दहेज हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है. रविवार सुबह जैसे ही अनामिका की मौत की खबर मायका पहुंची, कोहराम मच गया. अनामिका चार बहनों में सबसे छोटी थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मृतका के पति नारद मुनि कुमार उर्फ फैन्सीट को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. रसलपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. माता-पिता व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव में शोक का माहौल है. मृतका की मां पार्वती देवी ने थाने में आवेदन देकर दामाद नारद मुनि कुमार सहित आठ लोगों पर नामजद दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >