गोपालपुर थाना क्षेत्र सैदपुर गांव की रानी देवी अपने लापता पति की तलाश में दर-दर भटक रही है. पति के अचानक गायब होने से उनका जीवन पूरी तरह से संकट में पड़ गया है. वह लगातार पुलिस कार्यालय का चक्कर लगा कर अपने पति की सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रही है. रानी देवी ने बताया कि पति महेश कुमार सिंह बांका जिले में बिजली विभाग में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं. 12 अप्रैल 2025 को पति बांका स्थित अपने कार्यस्थल से छुट्टी लेकर घर आने के लिए निकले थे, लेकिन वह आज तक घर नहीं पहुंचे हैं. इस घटना से परिवार में अनिश्चितता और चिंता का माहौल बना हुआ है. रानी देवी ने बताया कि बांका के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पति की खोजबीन कराने की मांग की है. गोपालपुर थाने में भी आवेदन देकर मदद की गुहार लगायी है. बावजूद इसके अब तक पति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. महिला ने कहा कि उनके परिवार में पति के अलावा कोई सहारा नहीं है. उनकी एकमात्र पुत्री की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती है. ऐसे में पति के लापता होने से वह पूरी तरह अकेली और असहाय हो गयी है. स्थानीय लोगों ने भी इस मामले में प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर लापता व्यक्ति को खोजने की मांग की है, ताकि पीड़ित महिला को राहत मिल सके. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि लापता व्यक्ति का जल्द पता लगाया जा सके.
Bhagalpur news पति की तलाश में पुलिस कार्यालय का चक्कर लगा रही महिला
गोपालपुर थाना क्षेत्र सैदपुर गांव की रानी देवी अपने लापता पति की तलाश में दर-दर भटक रही है.
