कहलगांव, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
कहलगांव-भागलपुर रेलखंड के एकचारी रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करने के दौरान एक महिला हादसे का शिकार हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आरपीएफ और परिजनों की मदद से घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महिला एकचारी रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी पार कर रही थी. इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों की भीड़ जुट गई.सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों के सहयोग से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
मृतका की हुई पहचान
मृतक महिला की पहचान शीला देवी, पति सतीश प्रसाद सिंह, निवासी ग्राम रतनपुर, पोस्ट मदारगंज, थाना अमदंडा के रूप में की गई है. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए शव को जीआरपी भागलपुर के हवाले कर दिया गया.आरपीएफ ने जारी की सुरक्षा अपील
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी विपिन कुमार ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन पार करने के दौरान हमेशा अधिकृत फुटओवर ब्रिज या रेलवे फाटक का ही इस्तेमाल करें. उन्होंने यह भी कहा कि ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन या हेडफोन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और जल्दबाजी में बंद फाटक या चलती ट्रेन के सामने से गुजरने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. आरपीएफ की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
