मायागंज अस्पताल में विवाहिता की मौत, पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप, जीरो एफआईआर दर्ज

कटिहार की 26 वर्षीय मोनी कुमारी की भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की मां ने बेटी के पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

Bhagalpur Crime News: भागलपुर. कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र निवासी अक्षय कुमार पासवान की पत्नी 26 वर्षीय मोनी कुमारी की जेएलएनएमसीएच, मायागंज में इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद मृतका की मां किरण सिंह ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया है. बरारी थाना पुलिस ने फर्द बयान के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

2017 में हुआ था प्रेम विवाह

मृतका की मां के अनुसार वर्ष 2017 में मोनी कुमारी ने मनिहारी थाना क्षेत्र के मनिहारी तंती निवासी अक्षय कुमार पासवान से प्रेम विवाह किया था. दोनों का एक पुत्र भी है. आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति मोनी के साथ मारपीट करता था और कई बार उसे घर से भी निकाल दिया था. इस संबंध में पहले भी मनिहारी थाना में शिकायत दर्ज कराई गयी थी.

कटिहार स्टेशन पर छोड़कर फरार होने का आरोप

फर्द बयान में आरोप लगाया गया है कि 24 जुलाई को अक्षय कुमार पासवान ने मोनी कुमारी के साथ मारपीट की और उसे कटिहार रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया. किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से मोनी ने अपनी मां को फोन कर स्टेशन बुलाया और पेट में तेज दर्द होने की जानकारी दी.

कटिहार से मायागंज किया गया रेफर

परिजन पहले मोनी को सदर अस्पताल कटिहार ले गए. वहां से उसे कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच, मायागंज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

लीवर में गंभीर चोट का आरोप, जांच जारी

Bhagalpur Crime News: परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने बताया कि मोनी के लीवर में गंभीर चोट थी और लंबे समय तक पर्याप्त भोजन नहीं मिलने से उसकी हालत और बिगड़ गई थी. बरारी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मृतका की मां के बयान पर दर्ज जीरो एफआईआर को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना भेजा जाएगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >