Bhagalpur news गीदड़ के हमले में महिला व मासूम घायल, दहशत

नवगछिया गोपालपुर थाना क्षेत्र सिंघिया मकनपुर गांव में एक गीदड़ के हमले से महिला व एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

नवगछिया गोपालपुर थाना क्षेत्र सिंघिया मकनपुर गांव में एक गीदड़ के हमले से महिला व एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है. ग्रामीणों के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब गांव की डुमरी देवी खेत में काम कर रही थीं. इस दौरान अचानक एक गीदड़ झाड़ियों से निकल कर उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान वहां मौजूद चार वर्षीय टुनटुन साह का पुत्र अभिमन्यु कुमार पर भी गीदड़ ने हमला कर दिया. महिला व बालक गीदड़ के हमले से गंभीर रूप से जख्मी हो गये. मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाया और किसी तरह गीदड़ को वहां से भगाया. घायल महिला और बच्चे को तुरंत परिजनों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों के अनुसार दोनों को गहरे जख्म हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रण में है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गयी है. शाम और सुबह के समय खेतों और गांव के आसपास गीदड़ों को देखा जा रहा है. इस कारण लोग अब खेतों में अकेले जाने से डर रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि इलाके में गश्ती बढ़ायी जाए और ऐसे जंगली जानवरों को पकड़ने या भगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाये गये तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >