bhagalpur news. दो अपहृत छात्रा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
सन्हौला प्रखंड क्षेत्र के अमडंडा थाना क्षेत्र के एक स्कूल से नौवीं कक्षा की तीन नाबालिग छात्राओं को बहला-फुसलाकर 25 अप्रैल को अपहरण करने का मामला प्रकाश में है
सन्हौला प्रखंड क्षेत्र के अमडंडा थाना क्षेत्र के एक स्कूल से नौवीं कक्षा की तीन नाबालिग छात्राओं को बहला-फुसलाकर 25 अप्रैल को अपहरण करने का मामला प्रकाश में है. मामले में परिजनों द्वारा अमडंडा थाना में शादी की नीयत से अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अमडंडा थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. सोमवार को पुलिस ने सन्हौला थाना क्षेत्र से दो अपहृत नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया. साथ ही दो आरोपी युवकों को भी गिरफ्तार किया गया. थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने बताया कि तीनों छात्राओं को लेकर आरोपी पहले नासिक भाग गए थे. जब अमडंडा पुलिस नासिक पहुंची तो आरोपी वहां से बेंगलुरु फरार हो गए. बेंगलुरु में पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर आरोपी वापस लौट रहे थे. इसी दौरान सन्हौला क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. बरामद दोनों छात्राओं का कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया है. मंगलवार को कोर्ट में उनका बयान दर्ज कराया जाएगा.
पुलिस ने रानी बनिया निवासी उपेंद्र सिंह के पुत्र आलोक कुमार तथा अमरपुर निवासी अर्जुन रजक के पुत्र आकाश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं तीसरी छात्रा की बरामदगी के लिए बारामती में लगातार छापेमारी की जा रही है.