Bhagalpur news जिंदा बम-पिस्टल व नशे की खेप के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

नये साल के पहले दिन सुलतानगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.

नये साल के पहले दिन सुलतानगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में आदर्शनगर मुहल्ले में छापामारी कर जिंदा बम, देसी पिस्टल, कारतूस और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोग राहत महसूस कर रहे हैं. वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत की गयी. इस अभियान में पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में सुलतानगंज थाना की टीम सक्रिय रही. छापेमारी में आदर्शनगर के रानू कुमार उर्फ रानू मंडल के घर से दो जिंदा बम, एक देसी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और नशीली टैबलेट बरामद की गयी. आरोपित की निशानदेही पर कारोबार में शामिल आदर्शनगर के सुमन कुमार उर्फ बेलन सिंह को गिरफ्तार किया गया. कुल बरामदगी में 2,71,700 रुपये नकद, 1080 नशीली टैबलेट, 155 बोतल नशीला सीरप और तीन मोबाइल फोन शामिल है. सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है. यह पहले भी हत्या और डकैती जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं. इनके साथ दो-तीन और आरोपित जुड़े होने की आशंका है. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. उन्होंने कहा कि ऐसे संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है. पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में छापेमारी दल में सुलतानगंज थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विशुन देव कुमार, अक्षय कुमार, रामानुज कुमार और सिपाही रोहित कुमार शामिल थे. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम इलाके में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों को नियंत्रित करने में अहम साबित होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >