Bhagalpur News: भागलपुर के टीएनबी कॉलेज में परीक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को अचानक माहौल गरमा गया. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो छात्राओं को स्नातक सेमेस्टर पांच की इंटरनल परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं जांचते हुए दिखाये जाने के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया. वीडियो सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
मामला केवल दो छात्राओं के कॉपी जांचने तक सीमित नहीं है. परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की गोपनीयता और मूल्यांकन की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए अनुशासन समिति को जिम्मेदारी सौंप दी है.
स्टाफ रूम में छात्राएं कैसे पहुंचीं कॉपियों तक?
वायरल वीडियो को लेकर एबीवीपी का दावा है कि टीएनबी कॉलेज के स्टाफ रूम में कुछ छात्राएं शिक्षक की मौजूदगी में परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं जांच रही थीं. वीडियो में दिखाई दे रहा मामला स्नातक सेमेस्टर पांच की इंटरनल परीक्षा से जुड़ा बताया जा रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी दी और प्राचार्य से कार्रवाई की मांग की. परिषद का कहना है कि यदि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन छात्रों से कराया गया है, तो यह परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता से जुड़ा गंभीर मामला है.
हालांकि, वायरल वीडियो में वास्तव में क्या हुआ था और छात्राओं को उत्तरपुस्तिका जांचने की अनुमति किस स्तर से मिली थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
तीन घंटे तक कॉलेज प्रशासन के सामने डटे रहे कार्यकर्ता
मामले को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कॉलेज परिसर में हंगामा किया. परिषद के कार्यकर्ता करीब तीन घंटे तक कार्रवाई की मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन के समक्ष डटे रहे.
परिषद के नगर सहमंत्री सोहम शुभम, कॉलेज मंत्री लक्ष्मण, कुणाल सिंह, अवनीश, मृणाल, नवीन और मिलन ने कहा कि परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच छात्रों से कराया जाना गंभीर विषय है.
कॉलेज अध्यक्ष सुमित सिंह ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की.
अनुशासन समिति को दो दिन का समय
विवाद बढ़ने के बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच का फैसला लिया है. प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करायी जायेगी.
इसके लिए कॉलेज की अनुशासन समिति को जिम्मेदारी दी गयी है. समिति से दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गयी है. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना किस परिस्थिति में हुई और इसमें कौन जिम्मेदार है.
प्राचार्य ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभारी कुलपति ने भी लिया संज्ञान
मामला टीएमबीयू के प्रभारी कुलपति तक पहुंचने के बाद विश्वविद्यालय स्तर पर भी इसे गंभीरता से लिया गया है. प्रभारी कुलपति ने कॉलेज के प्राचार्य से मोबाइल पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली.
उन्होंने कॉलेज प्रशासन को कड़ा निर्देश देते हुए गड़बड़ी करने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है. विश्वविद्यालय स्तर से मामले पर संज्ञान लिये जाने के बाद कॉलेज प्रशासन पर भी जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट देने का दबाव बढ़ गया है.
परीक्षा केंद्र पर कॉपी लेकर घर चली गयी छात्रा
टीएनबी कॉलेज में परीक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को ही एक और घटना सामने आयी. कॉलेज सेंटर पर चल रही स्नातक सेमेस्टर दो की परीक्षा में प्रथम पाली के दौरान एक छात्रा उत्तरपुस्तिका अपने साथ लेकर घर चली गयी.
बताया गया कि मारवाड़ी कॉलेज की छात्रा परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरपुस्तिका लेकर सेंटर से निकल गयी. जब एक उत्तरपुस्तिका कम मिली तो वीक्षकों ने उसकी तलाश शुरू की. बाद में छात्रा से फोन पर संपर्क किया गया और उसे वापस परीक्षा केंद्र बुलाया गया.
छात्रा कॉलेज पहुंची और उत्तरपुस्तिका वापस कर दी. उसने भूलवश कॉपी साथ चले जाने की बात कही और लिखित रूप से माफी भी मांगी. कॉलेज प्रशासन ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रा को परीक्षा से निष्कासित कर दिया.
एक ही दिन परीक्षा से जुड़े दो मामलों के सामने आने के बाद कॉलेज की परीक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गयी है.
बीसीए छात्रों ने फैकल्टी पर लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
इसी बीच टीएनबी कॉलेज के बीसीए पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने एक फैकल्टी पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्राचार्य को लिखित शिकायत दी है.
विद्यार्थियों का आरोप है कि संबंधित फैकल्टी किसी न किसी बहाने उन्हें परेशान करती हैं. छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि क्लास में पढ़ाई नहीं करायी जाती और उनके अभिभावकों को फोन कर गलत शिकायतें की जाती हैं. छात्रों का कहना है कि इस वजह से कुछ विद्यार्थी क्लास में आने से भी बच रहे हैं.
प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने कहा कि शिकायत की जांच के लिए कमेटी बनायी जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. प्राचार्य के अनुसार संबंधित फैकल्टी के खिलाफ पहले भी गड़बड़ी की शिकायतें मिल चुकी हैं.
Bhagalpur News: एक के बाद एक मामले से परीक्षा व्यवस्था पर सवाल
टीएनबी कॉलेज में एक ही दिन परीक्षा से जुड़े कई मामले सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कॉलेज की निगरानी और परीक्षा व्यवस्था को लेकर है. उत्तरपुस्तिका की गोपनीयता से लेकर मूल्यांकन प्रक्रिया और परीक्षा केंद्र की सुरक्षा तक, कई स्तरों पर सवाल उठ रहे हैं.
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई गयी गतिविधियों की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट के बाद सामने आयेगी. दो दिन में अनुशासन समिति की रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि मामले में किसकी भूमिका थी और कॉलेज प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है.
वहीं विश्वविद्यालय स्तर पर प्रभारी कुलपति के संज्ञान लेने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गयी है. अब छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की नजर जांच रिपोर्ट पर है.
