bhagalpur news. छोटी खंजरपुर मंदिर में हुई चोरी कांड का खुलासा – एक ज्वेलरी दुकानदार समेत चार आरोपित गिरफ्तार

जोगसर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज रोड छोटी खंजरपुर चौक स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना के महज 24 घंटे के अंदर पुलिस ने चोरी गयी सामग्री के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है

जोगसर थाना क्षेत्र के एसएस कॉलेज रोड छोटी खंजरपुर चौक स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना के महज 24 घंटे के अंदर पुलिस ने चोरी गयी सामग्री के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार सभी आरोपित तिलकामांझी थाना क्षेत्र के सच्चिदानंद नंगर हवाई अड्डा के रहने वाले हैं. इसमें मंगल मंडल का पुत्र छोटू कुमार उर्फ गुड्डू कुमार उर्फ तीलो, मनोहर मंडल का पुत्र सन्नी कुमार, विजय मंडल का पुत्र चंदू कुमार और पुतुल साह का पुत्र बुधन कुमार उर्फ सोनी शामिल है. चोरों ने चोरी किये सभी आभूषणों को मेल्ट कर दिया था. पुलिस ने मेल्ट सोना-चांदी व दानपेटी को बरामद कर लिया है. घटना में प्रयुक्त एक टोटो भी पुलिस ने जब्त किया है. मालूम हो कि सोमवार की देर रात चोरों ने मंदिर से चांदी का एक मुकुट, सोने का एक नथ व नेकलेस और दानपेटी की चोरी कर ली थी. मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही जोगसर पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज की. फिर एसएसपी प्रमोद कुमार के निर्देशन में सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह और सिटी डीएसपी वन अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी गये सामग्रियों की भी बरामदगी की. सबसे पहले गिरफ्तार हुआ सन्नी, फिर परत दर परत खुलती गयी कहानी घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीरता पूर्वक सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए वीडियो फुटेज का अवलोकन किया. जिसमें पता चला कि चारों ने पहले मंदिर में चोरी की. फिर एसबीआइ बैंक के सामने लगे एक बैनर को तोड़ कर उसके प्लास्टिक से दान पेटी को ढंक लिया और फिर कंबाइंड बिल्डिंग के पास पहले से खड़े टोटो पर बैठ कर चोर फरार हो गये. पुलिस के समक्ष पहला नाम गुड्डू का आया. पुलिस ने दबिश दी तो शनि मंदिर के पास से गुड्डू कुमार गिरफ्तार हो गया. गुड्डू की निशानदेही पर पुलिस ने सन्नी और आभूषण को मेल्ट करने वाले ज्वेलरी दुकानदार बुधन उर्फ सोनी को गिरफ्तार किया और मेल्ट किये गये सोने-चांदी की बरामदगी की. फिर पुलिस ने अंत में चंदू को घटना में प्रयुक्त टोटो के साथ गिरफ्तार किया. अगला टारगेट था सीसी मुखर्जी रोड स्थित शनि मंदिर चोरों ने पूछताछ के क्रम में बताया कि वे लोग इन दिनों संगठित रूप से चोरी की घटना को अंजाम देते हैं. चोरों का अगला टारगेट सीसी मुखर्जी स्थिति शनि मंदिर था. गुड्डू शनि मंदिर में रेकी भी कर रहा था. गिरफ्तारी के वक्त भी वह शनि मंदिर के पास ही था. पूछताछ में चोरों ने बताया है कि वे लोग बुधवार की रात्रि को ही चोरी की घटना को अंजाम देने वाले थे. बताया कि ज्वेलरी को वे लोग इसलिए मेल्ट कर देते थे कि सारे साक्ष्य मिट जाएं और भविष्य में वे लोग आभूषणों की वजह से पकड़े न जाएं. गुड्डू वर्ष 2023 के एक संगीन मामले में भी आरोपित रहा है, तो सन्नी कुमार कोतवाली थाने में वर्ष 2021 में दर्ज हुए कांड में आरोपित है. छापेमारी अभियान में जोगसर थानाध्यक्ष मंटू कुमार, अनि योगेश कुमार, बबलू कुमार, राहुल कुमार, मनोज कुमार, चितरंजन कुमार, प्रशिक्षु अनि शिवानी कुमारी, सअनि सतीश कुमार, सिपाही रंजीत कुमार, नीरज कुमार, लक्ष्मण कुमार व अन्य पुलिस बल शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >