पुरुषोत्तम मास में गूंजेगा रामचरितमानस का पाठ, कहलगांव की ठाकुरबाड़ी में शुरू हुआ माह पारायण

Bhagalpur News : कहलगांव में पुरुषोत्तम मास की शुरुआत के साथ भक्ति का माहौल गहराने लगा है. चौधरी टोला स्थित प्राचीन ठाकुरबाड़ी में एक माह तक चलने वाले श्रीरामचरितमानस पारायण पाठ का शुभारंभ हुआ, जहां रोज शाम श्रद्धालुओं के बीच रामकथा की गूंज सुनाई देगी.

कहलगावं,भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :

पुरुषोत्तम मास के अवसर पर कहलगांव के चौधरी टोला स्थित धरीक्षण महाराज की ठाकुरबाड़ी में श्रीरामचरितमानस माह पारायण पाठ का विधिवत शुभारंभ किया गया. यह धार्मिक आयोजन 15 जून 2026 तक चलेगा. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.

रोज शाम होगा सस्वर रामचरितमानस पाठ

आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि प्रतिदिन शाम 7 बजे से श्रीरामचरितमानस का सस्वर पारायण किया जाएगा. धार्मिक वातावरण में श्रद्धालु रामकथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे. 15 जून को हवन और प्रसाद वितरण के साथ इस माहव्यापी धार्मिक अनुष्ठान का समापन किया जाएगा.

पुरुषोत्तम मास का विशेष महत्व

ठाकुरबाड़ी के प्रधान सेवायत सह प्रबंधक पंडित बालकृष्ण पाण्डेय ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार हर तीसरे वर्ष आने वाला अधिक मास, पुरुषोत्तम मास कहलाता है. इस माह में रामकथा श्रवण, जप, तप और दान का विशेष महत्व माना जाता है. उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में किए गए धार्मिक कार्यों का फल हजारों गुना अधिक प्राप्त होता है और इसे मोक्षदायक भी माना गया है.

वर्षों से जारी है परंपरा

उद्घाटन अवसर पर पवन खेतान, राकेश गुप्ता, श्यामबिहारी टिवड़ेवाल, मनीष पाण्डेय, चंदन नाथ चौधरी और ललन कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. स्थानीय लोगों के अनुसार, कहलगांव की यह एकमात्र ठाकुरबाड़ी है, जहां वर्षों से बिना किसी जनसहयोग के लगातार ऐसे धार्मिक आयोजनों की परंपरा निभाई जा रही है. पंडित बालकृष्ण पाण्डेय ने सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >