-पदभार ग्रहण करने के बाद सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार पहली मीडिया से हुए रू-ब-रू
भागलपुर के नए सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार ने पत्रकारों से पहली बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं गिनायी. सिटी एसपी ने कहा कि उन्होंने योगदान देने के साथ ही जिले की पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा की है. उन्होंने कहा कि क्राइम कंट्रोल और लॉ एंड ऑर्डर को सुदृढ़ करना उनकी पहली जिम्मेदारी है. साथ ही पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी.उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती आबादी और यातायात दबाव के कारण ट्रैफिक की समस्या गंभीर होती जा रही है. ट्रैफिक को डी-कंजेस्ट करना केवल पुलिस के स्तर पर संभव नहीं है. इसके लिए नगर निगम, परिवहन विभाग समेत अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रयास किए जाएंगे. प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा.
महिला सुरक्षा को लेकर सिटी एसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए ‘अभय ब्रिगेड’ को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित रिस्पॉन्स और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. जरूरत पड़ने पर गश्ती व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा. सिटी एसपी शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि पारंपरिक पुलिसिंग के तहत अवैध शराब तस्करी, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार छापेमारी और विशेष अभियान चलाए जाएंगे. अवैध आर्म्स और मादक पदार्थों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही बड़े कांडों में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक के आधार पर गहन अनुसंधान कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की रणनीति पर काम किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
