– कृषि विभाग के प्रांगण में दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना लाया है, इससे महिलाओं का उत्साह और बढ़ा है. महिलाएं खुद को सशक्त भी महसूस कर रही हैं. यही वजह है कि किसान मेला सह प्रदर्शनी में पुरुषों से अधिक महिलाएं मौजूद हैं. ये बातें शनिवार को कृषि विभाग के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी में जिलाधिकारी ने कही. उन्होंने कहा कि स्टॉल भ्रमण के क्रम में एक महिला उद्यमी ने कहा कि हमलोग काम करने को तैयार हैं, हमें बाजार चाहिए. भागलपुर की जनसंख्या करीब 38 से 39 लाख के करीब है. हमारे पास दो जी आइ टैग प्रोडक्ट है, कतरनी धान व दूसरा जर्दालू आम है. तीसरा सबसे महत्वपूर्ण प्रोजक्ट है केला की खेती व चौथा मक्का की खेती है.इस मौके पर डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि हमारे कृषि प्रोडक्ट को बाजार मिले. सभी प्रोजेक्ट को बाजार चेन से जोड़ा जाये. इस मौके पर आत्मा के परियोजना निदेशक सह जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद ने कृषि के बारे महत्वपूर्ण जानकारी दी. कार्यक्रम में आत्मा के परियाेजना उप निदेशक प्रभात कुमार सिंह, बैंक के पदाधिकारी, कृषि विवि के वैज्ञानिक सहित कृषि विभाग से संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
– अंजीर व बेर का पौधा रहा आकर्षण का केंद्र मेला में अंजीर व बेर का पौधा आकर्षण के केंद्र रहे. महिला उद्यमियों द्वारा कपड़े का स्टॉल भी लगाया गया था. वहीं कतरनी पूड़ा, आचार, महिला उद्यमियों द्वारा तैयार घरेलू खाने के सामान का पैकेट बना हुआ सामान का स्टॉल लगा हुआ था. गन्ना उद्योग विभाग के मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के बैनर तले गुड़ का स्टॉल लगाया गया था.– ठंड के बाद भी किसानों की रही भीड़
कड़ाके के ठंड के बाद भी मेले में किसानों, उद्यमियों खासकर महिला उद्यमियों की भीड़ लगी रही. हर स्टॉल पर भीड़ देखी गयी. सुबह 11 बजे से मेला में लोगों की भीड़ लगने लगी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
