Sultanganj Greenfield Airport: भागलपुर जिले के सुलतानगंज के लिए बड़ी खुशखबरी है. यहां प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को लेकर बिहार सरकार ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी शनिवार को हेलीकॉप्टर से सुलतानगंज पहुंचकर एयरपोर्ट के लिए तय जमीन का सर्वे करेंगे.
डिप्टी सीएम का कार्यक्रम
डिप्टी सीएम करीब दो बजे सुलतानगंज पहुंचेंगे. निरीक्षण के बाद वे मसदी स्थित पथ निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के साथ बैठक करेंगे. इस बैठक में एयरपोर्ट निर्माण की स्थिति, तकनीकी प्रक्रिया और आगे की योजना पर चर्चा होगी.
जल्द शुरू होगा निर्माण का काम
सरकार पहले ही सुलतानगंज में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए 931 एकड़ जमीन अधिग्रहण को मंजूरी दे चुकी है. इसके लिए 472 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है. इससे साफ है कि यह परियोजना अब कागजों से निकलकर जमीन पर उतरने वाली है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
लोगों को होगा फायदा
एयरपोर्ट बनने से भागलपुर और अंग क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी. सिल्क उद्योग को देश-विदेश के बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी. पर्यटन, फूड प्रोसेसिंग और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. श्रावणी मेला, अजगैबीनाथ मंदिर और गंगा दर्शन के लिए आने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी.
डिप्टी सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. कृष्णानंद स्टेडियम में हेलीपैड बनाया गया है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है. पूरे रूट पर कड़ी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण को सौगात, बंजरिया, तेतरिया और बनकटवा में खुलेंगे नए डिग्री कॉलेज
