BHAGALPUR : नगर परिषद कार्यालय में खूनी संघर्ष, कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या, सभापति घायल

सुलतानगंज में मंगलवार को सैरात की डाक के दौरान जबरदस्त हिंसा भड़क उठी. नगर परिषद कार्यालय में चल रही डाक प्रक्रिया के बीच हुई अचानक गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया.

सुलतानगंज से शुभंकर की रिपोर्ट Bhagalpur News : बिहार के भागलपुर जिले के सुलतानगंज में मंगलवार को सैरात की डाक के दौरान जबरदस्त हिंसा भड़क उठी. नगर परिषद कार्यालय में चल रही डाक प्रक्रिया के बीच हुई अचानक गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया. इस हिंसक वारदात में सुलतानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि नगर सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गये.

सैरात की डाक के दौरान हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में सैरात की डाक (नीलामी) की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी के बाद दफ्तर में अफरातफरी मच गयी और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने कृष्ण भूषण कुमार को मृत घोषित कर दिया.

सभापति की स्थिति नाजुक

घटना में घायल सभापति राजकुमार गुड्डू के सिर में गोली लगी है. उन्हें लहूलुहान स्थिति में तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की टीम ने उन्हें तत्काल ऑपरेशन थियेटर में शिफ्ट कर दिया है. फिलहाल उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं.

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सिटी डीएसपी अजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. वरीय पुलिस अधिकारियों की देखरेख में मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है. जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर घायल सभापति के इलाज की जानकारी ली. सिटी डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

इलाके में दहशत का माहौल

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद सुलतानगंज और आसपास के इलाकों में दहशत व्याप्त है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है. मामले के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SANJEEV KUMAR JHA

SANJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >