Shravani Mela 2026: भागलपुर. श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) ने मेला क्षेत्र में पेयजल एवं स्वच्छता की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. विभाग ने मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर जलापूर्ति, शौचालय, यूरिनल, हैंडपंप और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है.
710 शौचालय और 150 अस्थायी टॉयलेट की व्यवस्था
पीएचईडी के अनुसार मेला क्षेत्र में 710 पुरुष एवं महिला शौचालय, 10 दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय तथा 30 पुरुष एवं महिला यूरिनल स्थापित किए गए हैं. बढ़ती भीड़ को देखते हुए 150 अस्थायी प्री-फैब्रिकेटेड शौचालय भी लगाए गए हैं. सभी शौचालयों और यूरिनल में 24 घंटे रनिंग वाटर की सुविधा उपलब्ध रहेगी. वहीं सीढ़ी घाट पर विशेष अतिथियों के लिए आधुनिक वीआईपी शौचालय भी बनाया गया है.
35 नए हैंडपंप और फिल्टरयुक्त पेयजल की सुविधा
श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 35 नए हैंडपंप लगाए गए हैं. इसके अलावा पूरे कांवरिया पथ पर फिल्टरयुक्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. जलापूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए 10 जल टैंकर तैनात किए गए हैं. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो वाटर एटीएम भी स्थापित किए गये हैं.
400 श्रद्धालुओं की क्षमता वाली टेंट सिटी तैयार
कमराय में लगभग 400 श्रद्धालुओं की क्षमता वाली टेंट सिटी विकसित की गई है, जहां श्रद्धालुओं के ठहरने और विश्राम की व्यवस्था की गई है. विभाग का उद्देश्य है कि लंबी दूरी से आने वाले कांवरियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके.
24 घंटे सक्रिय रहेंगी पीएचईडी की टीमें
Shravani Mela 2026: श्रावणी मेला के दौरान पीएचईडी की टीमें 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन सक्रिय रहेंगी. पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी. किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन और पीएचईडी का लक्ष्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
