भागलपुर में श्रावणी मेले की तैयारी तेज, 25 जून को सुल्तानगंज स्टेशन का निरीक्षण करेंगे DRM

Shravani Mela 2026. अगले महीने शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं. 25 जून को मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे.

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट

Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं. ऐसे में लाखों कांवरियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं. श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माने जाने वाले सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है. इसी कड़ी में 25 जून को मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता सुल्तानगंज स्टेशन का निरीक्षण करेंगे. इस दौरान उनके साथ मालदा डिवीजन की पूरी टीम भी मौजूद रहेगी.

कांवरियों के लिए सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन

श्रावणी मेले के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से सुल्तानगंज पहुंचते हैं. यहां गंगा जल भरने के बाद कांवरिया पैदल बाबा धाम के लिए रवाना होते हैं. ऐसे में रेलवे हर साल स्टेशन को विशेष सुविधाओं से लैस करता है.

कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेशन परिसर में पेयजल, विश्राम, प्रकाश और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की जाएगी. यात्री शेड की मरम्मत के साथ-साथ वहां पंखे और 24 घंटे बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी. इसके अलावा ठंडे पेयजल के लिए अतिरिक्त नल भी लगाए जाएंगे.

यह भी पढे़ं: बागमती उफान पर, देखते ही देखते बह गया पुल, अब ग्रामीणों को करना होगा लंबा सफर

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद

श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रेलवे पूरी तरह सतर्क रहता है. सुल्तानगंज स्टेशन पर आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी. मेले की अवधि तक वरिष्ठ अधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति स्टेशन पर रहेगी.

स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी. रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि ट्रेन से उतरने वाले कांवरियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.

यह भी पढे़ं: Muzaffarpur Accident News: SKMCH गेट नंबर-2 के पास तेज रफ्तार बाइक का कहर, ड्राइवर की मौके पर मौत

Shravani Mela 2026: सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का होगा ठहराव

श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज स्टेशन पर सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का दो मिनट का विशेष ठहराव दिया जाएगा. इसके अलावा विभिन्न रेलवे जोनों की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों का भी परिचालन किया जाएगा. मेले के सफल संचालन के लिए मालदा और भागलपुर मंडल के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी.

यह भी पढे़ं: Bihar NEET Scam: लखीसराय में पकड़े गए सॉल्वर गैंग का मुजफ्फरपुर लिंक, मेडिकल छात्र गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lalit kishore mishra

ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >